देहरादून. पैनेसिया अस्पताल अग्निकांड (Panacea Hospital fire) मामले में अस्पताल प्रशासन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. मामले में अस्पताल में भर्ती एक महिला की मौत हो गई थी. मृतक महिला के परिजनों ने प्रबंधन के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने में केस दर्ज कराया है. पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है.
बता दें कि पूरा मामला हरिद्वार रोड स्थित पैनेसिया हॉस्पिटल का है. जहां बुधवार को हॉस्पिटल के एसी में शार्ट सर्किट हुआ और फिर ब्लास्ट हो गया. घटना में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई. वहीं आग लगने से अस्पताल में धुआं फैल गया. जिसके बाद अस्पताल स्टाफ ने जैसे-तैसे आईसीयू में भर्ती 6 मरीजों को बाहर निकाला और दूसरे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया. इस दौरान कई लोग घायल हुए, जिनमे से 2 की हालत नाजुक है.
इसे भी पढ़ें : सरकार को चाहिए कि…पैनेसिया हॉस्पिटल में हुए ब्लास्ट को लेकर हरीश रावत का बड़ा बयान, जानिए ऐसा क्या कह दिया ?
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत बचाव कार्य शुरू किया. इस दौरान अस्पताल में फंसे कई लोगों को बाहर निकालकर आग पर काबू पाया गया. बचाव कार्य में लगे 3 पुलिस कर्मियों को सांस लेने में दिक्कत होने की वजह से इलाज के लिए भर्ती कराया है.
घटना को लेकर पूर्व सीएम हरीश रावत ने व्यवस्था पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा था यह घटना आंखें खोलने के लिए काफी है. यहां हॉस्पिटल खुल रहे हैं, यह अच्छी बात है, मगर हॉस्पिटलों में अग्नि सुरक्षा उपायों और अन्य मानकों का कहीं भी कड़ाई से पालन नहीं हो रहा है. उसी का परिणाम यह आग है. आज पैनेसिया हॉस्पिटल में आग लगी है, पता नहीं अगली बारी किसकी आएगी?

