देहरादून. पैनेसिया हॉस्पिटल में घटी घटना को लेकर पूर्व सीएम हरीश रावत का बयान सामने आया है. हरीश रावत ने कहा, पैनेसिया हॉस्पिटल के एसी में ब्लास्ट से लगी आग, जिस कारण एक महिला मरीज की मौत और 6-7 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने का समाचार प्राप्त हुआ है. यह घटना आंखें खोलने के लिए काफी है. यहां हॉस्पिटल खुल रहे हैं, यह अच्छी बात है, मगर हॉस्पिटलों में अग्नि सुरक्षा उपायों और अन्य मानकों का कहीं भी कड़ाई से पालन नहीं हो रहा है. उसी का परिणाम यह आग है. आज पैनेसिया हॉस्पिटल में आग लगी है, पता नहीं अगली बारी किसकी आएगी?
इसे भी पढ़ें- मौत का धमाकाः हॉस्पिटल के AC में ब्लास्ट होने से लगी आग, 1 मरीज की गई जान, कई गंभीर घायल
आगे हरीश रावत ने कहा, हमको चाहिए कि चाहे होटल हों, अस्पताल हों या इस प्रकार के अन्य उपक्रम, उनमें अग्नि सुरक्षा सहित अन्य सभी सुरक्षा उपायों के मानकों का कड़ाई से अनुपालन करवाया जाए. साथ ही यह सुनिश्चित करने के लिए कि उपक्रम ठीक से काम कर रहे हैं या नहीं, तथा मानकों का पालन हो रहा है या नहीं, दायित्व भी निर्धारित किए जाने चाहिए.
इसे भी पढ़ें- BJP केवल आंकड़ों और विज्ञापनों की… सरकारी नौकरी को लेकर यशपाल आर्य का सरकार पर हमला, पूछा तीखा सवाल
हरीश रावत ने ये भी कहा कि सरकार को चाहिए कि इस घटना की गंभीरता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. घायलों का पूर्ण उपचार, प्रभावित परिवारों को दैवीय आपदा प्रभावित परिवारों की तर्ज पर इन्हें आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं उनके परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें. मैं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं.

