पंचकूला। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में गुरुवार शाम चौथी मंजिल की छत पर जनरेटर पहुंचाने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। क्रेन का संतुलन बिगड़ने से जनरेटर समेत दो कर्मचारी कई फीट नीचे सड़क पर जा गिरे। हादसे में बिहार निवासी मनीष और हिमाचल प्रदेश निवासी नवीन की मौत हो गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।

जनरेटर के साथ नीचे गिरे दोनों कर्मचारी

हादसा शाम करीब साढ़े 3 बजे प्लॉट नंबर-310 स्थित मिलीएम्स इंजीनियर सॉल्यूशंस कंपनी में हुआ। कंपनी की चौथी मंजिल की छत पर बाहर से लाए गए भारी जनरेटर को क्रेन की मदद से पहुंचाया जा रहा था। इस दौरान दोनों कर्मचारी जनरेटर के ऊपर बैठे हुए थे।

ऊंचाई पर पहुंचने से पहले ही अचानक क्रेन का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद क्रेन पलट गई और जनरेटर समेत दोनों कर्मचारी नीचे सड़क पर जा गिरे।

बिजली की तारों से टकराया जनरेटर

सीसीटीवी फुटेज में क्रेन के अचानक पलटने और जनरेटर के नीचे गिरने की पूरी घटना दिखाई दे रही है। गिरते समय जनरेटर बिजली की तारों से टकराया। इससे बिजली का खंभा भी टूट गया और इलाके की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।

हादसे के दौरान सड़क पर एक पिकअप वाहन भी मौजूद था। सीसीटीवी के मुताबिक हादसे से करीब चार सेकेंड पहले ही पिकअप वहां से निकल गया। इसके बाद क्रेन और जनरेटर सड़क पर गिरे। उस समय कोई अन्य व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया।

अस्पताल पहुंचाने के बाद दोनों की मौत

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों कर्मचारियों को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। मृतकों की पहचान मनीष निवासी बिहार और नवीन निवासी हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पंचकूला सेक्टर-20 थाना प्रभारी यशदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। परिवार के आने के बाद उनके बयान लिए जाएंगे। बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m