पंचकूला। नगर निगम बैंक फ्रॉड मामले में गिरफ्तार आईएएस अधिकारी आरके सिंह को शुक्रवार को सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान जांच एजेंसी ने मामले की गहन पड़ताल के लिए रिमांड की मांग की, जिस पर अदालत ने आरोपी को तीन दिन के सीबीआई रिमांड पर भेजने के आदेश दिए।


अन्य आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश
सीबीआई अब रिमांड अवधि के दौरान आरके सिंह से विस्तृत पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी वित्तीय लेनदेन, बैंक खातों और संबंधित दस्तावेजों की गहराई से जांच कर यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि कथित अनियमितताओं में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा धन के प्रवाह की पूरी श्रृंखला क्या रही।

सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की संभावना है। सीबीआई को उम्मीद है कि आरोपी से मिले इनपुट के आधार पर मामले से जुड़े अन्य व्यक्तियों और संभावित लाभार्थियों तक पहुंचा जा सकेगा।

पूछताछ में खुलेंगे कई राज
गौरतलब है कि पंचकूला नगर निगम के फंड से जुड़े करोड़ों रुपये के कथित घोटाले और बैंकिंग अनियमितताओं की जांच सीबीआई कर रही है। एजेंसी पहले ही कई दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर चुकी है। अब रिमांड के दौरान जांच का फोकस धन के लेनदेन, लाभार्थियों की पहचान और संभावित अन्य आरोपियों की भूमिका पर रहेगा।