पंचकूला के मोरनी हिल्स के बैहलों गांव में मंगलवार रात एक तेंदुआ दीवार फांदकर घर में घुस गया और आंगन में सो रहे पिटबुल का शिकार कर ले गया। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके बाद वन विभाग ने रेस्क्यू की कार्रवाई शुरू की है।

पंचकूला। मोरनी हिल्स के बैहलों गांव में तेंदुए की दहशत का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। मंगलवार रात एक तेंदुआ करीब 5 फीट ऊंची दीवार फांदकर होटल संचालक के घर में घुस गया और आंगन में सो रहे पिटबुल डॉग को मुंह में दबाकर जंगल की ओर ले गया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना का 12 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है।

सीसीटीवी फुटेज में तेंदुआ दबे पांव घर में घुसता नजर आ रहा है। आंगन में सो रहे पिटबुल को तेंदुए की भनक तक नहीं लगी। तेंदुआ धीरे-धीरे उसके पास पहुंचा और अचानक झपट्टा मारकर उसे मुंह में दबा लिया। पिटबुल ने खुद को छुड़ाने की कोशिश में दो बार भौंका और कुनकुनाया, लेकिन कुछ ही सेकेंड में उसकी आवाज बंद हो गई। इसके बाद तेंदुआ करीब 5 सेकेंड में ही कुत्ते को लेकर जंगल की ओर भाग गया।

परिवार घर के अंदर सो रहा था, सुबह गायब मिला कुत्ता

घटना के समय घर के मालिक हरदीप परमार और उनके परिवार के सभी सदस्य अंदर सो रहे थे। सुबह उठने पर पिटबुल घर से गायब मिला। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिवार ने आंगन में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। फुटेज देखकर उनके होश उड़ गए। पता चला कि रात करीब 11:45 बजे तेंदुआ दीवार फांदकर घर में घुसा और पिटबुल को उठाकर ले गया।

पहले भी गायब हो चुके हैं 5 कुत्ते, चोरी समझते रहे परिवार के लोग

हरदीप परमार मोरनी हिल्स में ही होटल चलाते हैं। उन्होंने बताया कि उनके घर से पहले भी पांच कुत्ते गायब हो चुके हैं। उन्हें आशंका थी कि कोई कुत्तों को चोरी कर रहा है। इसी वजह से करीब डेढ़ महीने पहले घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए थे। अब कैमरे में तेंदुए के कैद होने के बाद परिवार को आशंका है कि पहले गायब हुए कुत्तों को भी तेंदुआ ही उठाकर ले गया होगा। हरदीप ने बताया कि पिटबुल को उन्होंने करीब चार महीने पहले 7 हजार रुपए में खरीदा था। उस समय उसकी उम्र महज 10 दिन थी। परिवार ने उसका नाम ‘बुनी’ रखा था। घर से करीब 300 मीटर दूर ही जंगल शुरू हो जाता है।

जंगल से निकलकर घरों में घुस रहा तेंदुआ, लोगों में दहशत

हरदीप परमार का कहना है कि अब तेंदुआ जंगल से निकलकर रिहायशी इलाकों में घरों के अंदर तक पहुंच रहा है। इससे परिवार के साथ-साथ आसपास के लोगों में भी डर बढ़ गया है। उन्होंने वन्य जीव विभाग और जिला प्रशासन से तेंदुए की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

वन विभाग लगाएगा कैमरे, तेंदुए को किया जाएगा रेस्क्यू

डिवीजनल वाइल्ड लाइफ ऑफिसर विरेंद्र गिल ने बताया कि परिवार ने पहले तेंदुए की सूचना विभाग को नहीं दी थी। अब जानकारी मिलने के बाद संबंधित क्षेत्र में कैमरे लगाए जाएंगे और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। तेंदुए का पता लगाकर उसे सुरक्षित रेस्क्यू करने की कार्रवाई की जाएगी।