पंचकूला नगर निगम में 200 करोड़ रुपये के कथित घोटाले के आरोपों पर मेयर श्याम लाल बंसल ने कड़ा पलटवार किया है। मेयर ने इन दावों को पूरी तरह आधारहीन बताते हुए आरोप लगाने वाले बीएल टंडन और इनेलो नेता मनोज अग्रवाल पर कई करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने का ऐलान किया है।

पंचकूला। अंबाला संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पंचकूला नगर निगम में 200 करोड़ रुपये के सड़क निर्माण घोटाले के कथित आरोपों को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। इन आरोपों पर पंचकूला के वर्तमान मेयर और भाजपा नेता श्याम लाल बंसल ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने शिकायतकर्ता बीएल टंडन और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के नेता मनोज अग्रवाल द्वारा लगाए गए सभी दावों को बेबुनियाद और मनगढ़ंत करार दिया है।

आरोपों को बताया आधारहीन

मेयर श्याम लाल बंसल ने स्पष्ट किया कि साल 2010 के बाद से उनके नाम या उनकी किसी प्रोपराइटरशिप कंपनी द्वारा कोई भी ठेकेदारी का कार्य नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम पंचकूला के पिछले 10 से 10.5 वर्षों के पूरे कार्यकाल में सड़क कारपेटिंग के महज 40 करोड़ रुपये के कुल टेंडर जारी हुए हैं। ऐसे में 200 करोड़ रुपये का घोटाला होने का दावा पूरी तरह हास्यास्पद है।

मानहानि का मुकदमा करने का ऐलान

मेयर ने कहा कि इनेलो के पूर्व मेयर प्रत्याशी मनोज अग्रवाल और 90 वर्षीय बीएल टंडन ने राजनीतिक विद्वेष और निजी रंजिश के तहत उनकी सामाजिक छवि को धूमिल करने की कोशिश की है। उन्होंने घोषणा की कि वह इन दोनों व्यक्तियों के खिलाफ अदालत में कई करोड़ रुपये की मानहानि का केस दायर करेंगे।

जांच में दोषी पाए जाने पर इस्तीफे की शर्त

अंबाला डिवीजनल कमिश्नर द्वारा पंचकूला उपायुक्त और निगम कमिश्नर को जांच के लिए भेजे गए पत्र पर बोलते हुए मेयर ने कहा कि अधिकारी ने शिकायतकर्ता के पत्र के विषय को ही आगे रेफर कर दिया है। उन्होंने चुनौती दी कि यदि जांच में उनके नाम से एक भी टेंडर या वित्तीय अनियमितता साबित होती है, तो वे तुरंत अपने पद से त्यागपत्र दे देंगे। वहीं, दूसरी ओर इनेलो नेता मनोज अग्रवाल ने अपने आरोपों को सही ठहराते हुए निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई है।