पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला के सेक्टर-21 में 70 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, मकान मालकिन नीरा की उनकी नौकरानी सुनीता ने कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। आरोप है कि वारदात के बाद सुनीता ने अपने बेटे की मदद से शव को पड़ोसी के मकान की छत पर ले जाकर टाइलों के पीछे छिपा दिया। सेक्टर-21 पुलिस चौकी ने नौकरानी और उसके बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर दोनों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

10 साल से घर में काम कर रही थी नौकरानी

पुलिस के मुताबिक, नीरा (70) सेक्टर-21 के हाउस नंबर 366 में अपने पति चंद्रमोहन के साथ रहती थीं। चंद्रमोहन भारतीय सेना से रिटायर्ड कैप्टन हैं। दंपती के दोनों बेटे अमेरिका में रहते हैं, इसलिए घर में सिर्फ दोनों ही रहते थे। सुनीता पिछले करीब 10 वर्षों से उनके घर में नौकरानी के रूप में काम कर रही थी। लंबे समय से काम करने के कारण परिवार का उस पर पूरा भरोसा था।

गहने गायब होने के बाद पहुंचीं थीं सुनीता के घर

पुलिस के अनुसार, सोमवार को नीरा के घर से कुछ गहने गायब होने की बात सामने आई। उन्हें इस मामले में सुनीता पर शक हुआ। सोमवार सुबह जब चंद्रमोहन गोल्फ खेलने के लिए घर से निकले, तब नीरा ने उन्हें बताया कि वह गहनों के बारे में पूछताछ करने सुनीता के घर, हाउस नंबर 483 जा रही हैं।

घर नहीं लौटीं तो शुरू हुई तलाश

दोपहर करीब 3 बजे चंद्रमोहन गोल्फ खेलकर लौटे तो नीरा घर पर नहीं थीं। उन्होंने पहले आसपास और परिचितों के यहां उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने सेक्टर-21 पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी।

पुलिस का दावा, पूछताछ के दौरान सामने आया हत्या का मामला

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सामने आया कि सुनीता के घर पर गहनों को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान कथित तौर पर सुनीता ने नीरा का गला दबा दिया। आरोप है कि वारदात के बाद उसने अपने बेटे की मदद से शव को पड़ोसी के मकान की छत पर ले जाकर टाइलों के पीछे छिपा दिया।

हत्या का केस दर्ज, दो आरोपी हिरासत में

सेक्टर-21 पुलिस चौकी ने सुनीता और उसके बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस चोरी हुए गहनों के मामले की भी जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m