हरियाणा के पंचकूला में पुलिस ने नशे के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान चलाते हुए करोड़ों की ड्रग्स पकड़ी है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के नेतृत्व में 34 तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है।
पंचकूला। ‘ऑपरेशन मैदान 2.0’ के तहत स्थानीय पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के नेतृत्व में 28 मई से शुरू हुए इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने पूरे सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। इस ताबड़तोड़ Panchkula Police Action के तहत बीते एक महीने के भीतर 21 अलग-अलग मुकदमों में कुल 34 शातिर नशा तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा गया है। पुलिस ने पकड़े गए इन आरोपियों के कब्जे से अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 6 करोड़ 30 लाख रुपये की कीमत के भारी मात्रा में घातक मादक पदार्थ और नशीली दवाएं बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
भारी मात्रा में नशीले पदार्थ जब्त
डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुल 2 किलो 787 ग्राम हेरोइन, 11 किलो 757 ग्राम अफीम, 931 ग्राम चरस, 1 किलो 45 ग्राम गांजा और 67 ग्राम कोकीन बरामद की है। इन सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही पूर्व में जमानत पर बाहर आए 404 पुराने तस्करों की गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। दूसरी तरफ, डीसीपी सृष्टि गुप्ता के मुताबिक जिले के 22 ड्रग हॉटस्पॉट इलाकों की पहचान कर वहां डॉग स्क्वायड की मदद से 253 ठिकानों पर अचानक रेड की गई और खुफिया कैमरों से इनकी लगातार निगरानी की जा रही है।
मेडिकल स्टोरों पर ताबड़तोड़ छापेमारी
अभियान के तहत प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री को रोकने के लिए ड्रग इंस्पेक्टर के साथ मिलकर 117 मेडिकल स्टोरों की गहन चेकिंग की गई है। इस दौरान 97 नशा पीड़ितों का इलाज शुरू करवाकर 7 लोगों को नशामुक्ति केंद्र भेजा गया है। आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए करीब 2736 सीसीटीवी कैमरों को एकीकृत निगरानी प्रणाली से जोड़कर तस्करों पर रियल टाइम नजर रखी जा रही है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने जनता से अपील की है कि वे नशे की किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी साझा करने के लिए मानस हेल्पलाइन 1933 और ड्रग इंफो हेल्पलाइन नंबरों पर बेझिझक संपर्क करें, जहां सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

