पंचकूला में नशे में धुत एक युवक को महज 11 सेकंड में 7 थप्पड़ और लात मारने वाले ईआरवी कर्मी एसपीओ जयवीर सिंह को पुलिस विभाग ने सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
कृष्ण कुमार सैनी, पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला जिले में एक युवक से कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। रामगढ़ चौकी क्षेत्र में तैनात ईआरवी (Emergency Response Vehicle) कर्मी एसपीओ जयवीर सिंह को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। वीडियो में एसपीओ एक युवक को जमीन पर गिराने के बाद लात और लगातार थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, 24 जून को स्थानीय लोगों ने पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति के क्षेत्र में घूमने की सूचना दी थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां संबंधित युवक शराब के नशे में मिला। इसी दौरान एसपीओ जयवीर सिंह ने युवक के साथ कथित रूप से मारपीट की। गुरुवार को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आया।
वायरल वीडियो करीब 11 सेकंड का बताया जा रहा है, जिसमें एसपीओ युवक को लगातार 7 थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवक हाथ जोड़कर रहम की गुहार लगाता दिखाई देता है, लेकिन पुलिसकर्मी उस पर हाथ उठाता रहता है। घटना के दौरान आसपास कुछ लोग भी मौजूद थे।
मामला डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता के संज्ञान में आते ही उन्होंने पूरे प्रकरण की समीक्षा कर एसपीओ जयवीर सिंह को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त करने के आदेश जारी किए। डीसीपी ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, दुर्व्यवहार और शक्ति के दुरुपयोग के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का दायित्व कानून-व्यवस्था बनाए रखना, आमजन की सुरक्षा करना और नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करना है। पुलिस ने संदेश दिया है कि किसी भी कर्मचारी द्वारा नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

