संजय पाटीदार, भोपाल। राजधानी भोपाल के कलियासोत, केरवा और चंदनपुरा इलाके में इन दिनों तीन बाघों की सक्रियता लगातार देखी जा रही है जिससे वन विभाग अलर्ट मोड पर है। शनिवार सुबह चंदनपुरा के पास एक बाघ सड़क पर टहलता नजर आया, जिसका वीडियो राहगीरों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। इससे एक दिन पहले इसी क्षेत्र में घूमने आए एक दंपती का भी बाघ से आमना-सामना हुआ था।

 बाघों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों से जंगल, नदी किनारे और सुनसान क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार कलियासोत , केरवा क्षेत्र में तीन बाघ सक्रिय हैं। इनमें एक वयस्क शावक और दो अन्य बाघ शामिल हैं। बारिश के मौसम में पगमार्क स्पष्ट नहीं होने के कारण सड़क पर दिखाई दिए बाघ की पहचान नहीं हो सकी है। 

वन विभाग की टीम लगातार पेट्रोलिंग कर रही है और तीनों बाघों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।इधर पर्यावरण एवं बाघ मित्र राशिद नूर ने प्रशासन और वन विभाग को पत्र लिखकर बाघों की सक्रियता वाले क्षेत्रों को अस्थायी रूप से प्रतिबंधित घोषित करने और पर्यटकों की आवाजाही रोकने की मांग की है। 

राशिद नूर ने बताया कि चंदनपुरा बाघ का मुख्य एरिया रहा है वहां मानव गतिविधियां पर पूरी तरह से रोक लगाई लगाई जानी चाहिए। अधिकारियों का कहना है कि बारिश के मौसम में भोजन, पानी और नए क्षेत्र की तलाश में बाघ अधिक सक्रिय रहते हैं। इसलिए लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m