हरियाणा के पानीपत जिले की किशनपुरा चौकी क्षेत्र में दो लोगों द्वारा एक बुजुर्ग कुत्ते को लाठियों से बेरहमी से पीटकर अधमरा करने का मामला सामने आया है। विरोध करने वाले एक स्थानीय युवक को आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी है।
प्रवीण भारद्वाज,पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले के अंतर्गत आने वाली किशनपुरा चौकी क्षेत्र में दो लोगों ने एक बुजुर्ग कुत्ते को डंडों से बेरहमी से पीट-पीटकर लहूलुहान और अधमरा कर दिया। जब एक स्थानीय युवक ने इस क्रूरता का विरोध किया, तो आरोपियों ने न सिर्फ कुत्ते को घसीटकर सब्जी मंडी में फेंक दिया, बल्कि विरोध करने वाले युवक और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने पीड़ित की लिखित शिकायत और घटना के वीडियो साक्ष्यों के आधार पर इस Panipat animal cruelty case register मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई पूरी तरह शुरू कर दी है।
डंडों से पीटकर किया अधमरा
किशनपुरा पुलिस चौकी को दी गई लिखित शिकायत में कृष्णपुरा के नेहरू पब्लिक स्कूल के पास रहने वाले राजीव ने बताया कि बुधवार, 1 जुलाई की शाम करीब 7 बजे वह अपने घर के पास मौजूद था। उसी समय उसके घर के नजदीक रहने वाले दो लोग, जिनकी पहचान मोनू अहलावत और कुलदीप के रूप में हुई है, एक बुजुर्ग कुत्ते पर लाठियां बरसा रहे थे। दोनों आरोपियों ने बेज़ुबान जानवर को इतनी बेरहमी से पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल होकर अधमरी हालत में पहुंच गया।
सब्जी मंडी में फेंका शव
कुत्ते के अधमरा होने के बाद आरोपी उसे बेरहमी से घसीटते हुए राजीव के घर के बाहर फेंक गए। जब राजीव ने इस अमानवीय कृत्य का कड़ा विरोध किया, तो आरोपी उसे और प्रताड़ित करने के लिए कुत्ते को वहां से उठाकर कृष्णपुरा सब्जी मंडी में फेंक आए। वहीं दूसरी ओर आरोपी पक्ष की महिला शीला ने बताया कि कुत्ते ने उनके दोहते और उनको बुरी तरह काट लिया था, जिसके बाद बच्चे की जान बचाने के लिए कुत्ते को पीटा गया था।

