पानीपत: शहर की मोती राम कॉलोनी, नूरवाला में बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब हथियारों से लैस 30-40 लोगों ने नगर निगम वार्ड नंबर 6 की BJP पार्षद कोमल पांचाल के ससुर ईशम सिंह पांचाल के घर के पास हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने फायरिंग की, ईशम सिंह के साथ मारपीट कर उन्हें घायल किया और घर के बाहर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की।
मामले में तहसील कैंप थाना पुलिस ने ईशम सिंह के बेटे लखन पांचाल की शिकायत पर 15 से अधिक नामजद आरोपियों के अलावा करीब 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की भूमिका और घटनाक्रम की जांच कर रही है।
रास्ता रोकने से शुरू हुआ विवाद
लखन पांचाल के अनुसार, 2 सितंबर की रात करीब साढ़े 9 बजे वह अपने चाचा जोनी के साथ बाइक से हरिसिंह चौक गया था। वापस लौटते समय चौक के पास कुछ युवकों ने बाइक रास्ते में खड़ी कर उनका रास्ता रोक लिया।
शिकायत के मुताबिक, रास्ता रोकने की वजह पूछने पर लव पंडित, उसके भाई चिनू पंडित और अमन पंडित समेत अन्य युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद मारपीट भी हुई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। आरोप है कि जाते समय लव पंडित ने लखन को धमकी भी दी।
कुछ देर बाद बड़ी संख्या में पहुंचे हमलावर
लखन का आरोप है कि वह घटना के बाद घर लौट आया। कुछ समय बाद वह घर के पास चौक में खड़ा था, तभी लव पंडित अपने कई साथियों के साथ वहां पहुंच गया। शिकायत में चिराग उर्फ चिनू, अमन पंडित, अमन, अमन जोगी उर्फ डागी, निशु जोगी, पंकज जोगी, लवली जोगी, अंशु राजपूत, विजय जोगी, राहुल बाबा, दीपक बादशाह, कादिर राणा, उसका भाई और सौरभ उर्फ सिंगा समेत कई लोगों के नाम दिए गए हैं।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों के साथ करीब 30 अन्य लोग भी थे। आरोप है कि भीड़ ने घर के बाहर पहुंचकर हंगामा किया और फायरिंग की। इस दौरान बाहर मौजूद ईशम सिंह के साथ मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोटें आईं। हमलावरों ने वाहनों में भी तोड़फोड़ की।
हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में केस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर 15 से अधिक नामजद और करीब 30 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस अब घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों, फायरिंग और मारपीट के आरोपों की जांच कर रही है। साथ ही नामजद आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
- ‘भारतीय राजनीति में अपशब्द का पर्याय बन चुकी कांग्रेस’, खड़गे का बयान ‘पंजे’ की वैचारिक दिवालियापन का प्रमाण- योगी
- VIDEO: नक्सलवाद के साए से पर्यटन की उड़ान, हांदावाड़ा जलप्रपात की एक झलक दिखते ही मिट जाती है सारी थकान
- छत्तीसगढ़ में अनोख प्रदर्शन : बेहतर हवाई सुविधा को लेकर सड़क पर उल्टे चले लोग
- महिंद्रा विज़न एस: स्पीति घाटी के पथरीले रास्तों पर फिर दिखी नई एसयूवी की झलक, 2027 में दे सकती है दस्तक
- ‘बिना हमारे BJP को हराना नामुमकिन…’ रायबरेली से सांसद चंद्रशेखर का INDIA गठबंधन को बड़ा अल्टीमेटम

