पानीपत: हरियाणा के पानीपत जिला कोर्ट परिसर में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब वकीलों के चल रहे प्रोटेस्ट के बीच दो युवकों ने एक अधिवक्ता पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले अधिवक्ता को पिस्टल दिखाई और फिर सीधे उनकी गर्दन पर चाकू से वार कर दिए। इस हमले में अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अचानक हुई इस वारदात से कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पिता और भाई ने बचाई जान, वकीलों ने हमलावर को दबोचा

वारदात के वक्त पीड़ित अधिवक्ता के साथ मौजूद उनके पिता और भाई ने किसी तरह बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावरों ने मौके से भागने की कोशिश की। हालांकि, वहां प्रदर्शन कर रहे साथी अधिवक्ताओं ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा कर एक हमलावर को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसका दूसरा साथी भागने में कामयाब रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में ले लिया।

महिला अधिवक्ता से अभद्रता के विरोध में चल रहा था प्रदर्शन

यह पूरी वारदात उस समय हुई जब पानीपत जिला सचिवालय में एक महिला अधिवक्ता के साथ हुई अभद्रता के विरोध में वकीलों का प्रदर्शन चल रहा था। बार एसोसिएशन के आह्वान पर वकीलों ने वर्क सस्पेंड (कामकाज ठप) किया हुआ था। सभी वकील कोर्ट परिसर में एकजुट होकर विरोध जता रहे थे, तभी हमलावरों ने सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस फिलहाल हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ कर रही है और दूसरे फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m