पानीपत के कच्चा कबड्डी फाटक के पास स्थित एक फैक्ट्री में महिला कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही और जानकारी छुपाने का आरोप लगाया है, जबकि संचालक इसे पैर फिसलने से हुआ हादसा बता रहे हैं।
प्रवीण भारद्वाज, पानीपत। के कच्चा कबड्डी फाटक स्थित अधीरा एंटरप्राइजेज में एक महिला कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि महिला के ऊपर गांठ (भारी बंडल) गिरने से उसकी मौत हुई है।
परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही बरतने के सीधे आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हादसे के कई घंटे बाद उन्हें इस बात की जानकारी दी गई और उसके बाद भी प्रबंधन के लोग उन्हें लगातार गुमराह करते रहे। फिलहाल महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।
दूसरी ओर, इस मामले को लेकर फैक्ट्री संचालकों का कहना है कि यह एक हादसा था। फैक्ट्री प्रबंधन के मुताबिक, महिला कर्मचारी का पैर फिसलने के कारण यह हादसा हुआ, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कैराना की बेटी थी, जिसकी शादी पानीपत के काबड़ी गांव में हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

