पानीपत के नूरपुर गढ़ी गांव में एक 60 वर्षीय किसान की बेरहमी से हत्या कर शव को प्लास्टिक के कट्टे में झाड़ियों में फेंक दिया गया। पुलिस ने एक सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गांव के ही आरोपी को हिरासत में लेकर शव बरामद किया है।
पानीपत। एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नूरपुर गढ़ी गांव में 60 वर्षीय किसान की हत्या कर उसकी लाश को प्लास्टिक के कट्टे में बांधकर झाड़ियों में फेंक दिया गया। मृतक की पहचान गांव निवासी किसान जयपाल के रूप में हुई है, जो 16 जुलाई से लापता था।
परिजन और ग्रामीण जयपाल की तलाश में जुटे हुए थे। इसी दौरान उन्हें एक CCTV फुटेज मिली, जिसने पूरे मामले का रुख बदल दिया। फुटेज में 16 जुलाई की रात गांव का ही रहने वाला सत्यवान अपनी साइकिल के पीछे एक भारी-भरकम गठरी बांधकर पैदल खेतों की ओर जाता हुआ दिखाई दे रहा था।
CCTV फुटेज देखने के बाद परिजनों और ग्रामीणों को सत्यवान पर शक हुआ। इसके बाद जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने पहले मामले से अनजान होने का नाटक किया, लेकिन बाद में अपना अपराध कबूल कर लिया।
आरोपी के कबूलनामे के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर झाड़ियों से प्लास्टिक के कट्टे में बंधी जयपाल की लाश बरामद कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि जयपाल की हत्या क्यों की गई और वारदात में आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।

