हरियाणा के पानीपत में बॉयफ्रेंड की कथित मानसिक प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर एक महिला एमबीबीएस डॉक्टर ने मकान की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पानीपत। एक महिला डॉक्टर द्वारा आत्महत्या की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि MBBS (Bachelor of Medicine and Bachelor of Surgery) (चिकित्सा स्नातक) डॉक्टर अपने बॉयफ्रेंड की कथित ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से इतनी परेशान हो गई कि उसने घर की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल युवती का लंबे समय तक इलाज चला, जिसके बाद अब मामले में पुलिस जांच शुरू हुई है।
जानकारी के अनुसार महिला डॉक्टर और आरोपी युवक की दोस्ती बचपन से थी। पढ़ाई के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और रिश्ता इतना गहरा हो गया कि दोनों ने भविष्य में शादी करने का मन बना लिया था। बताया जा रहा है कि जब युवती एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए बाहर गई, तो युवक भी उसके पीछे वहां पहुंच गया। इसी दौरान दोनों के निजी पलों का वीडियो बना लिया गया।
आरोप है कि बाद में रिश्तों में खटास आने के बाद युवक ने उन्हीं वीडियो के आधार पर महिला डॉक्टर को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने AI (Artificial Intelligence) [कृत्रिम बुद्धिमत्ता] तकनीक का इस्तेमाल कर वीडियो को अश्लील बनाकर इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी दी। युवती पर मानसिक दबाव लगातार बढ़ता गया और वह तनाव व डर में रहने लगी। आरोप यह भी है कि बाद में युवक के परिवार के कुछ सदस्य भी कथित तौर पर इस दबाव और पैसों की मांग में शामिल हो गए।
मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर करीब ढाई महीने पहले युवती ने पानीपत के मॉडल टाउन स्थित अपने घर की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसे गंभीर फ्रैक्चर आए। शुरुआत में परिवार ने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की, लेकिन मामला गंभीर होने पर जींद के पिल्लूखेड़ा थाना में शिकायत दी गई। वहां जीरो एफआईआर दर्ज कर केस को पानीपत मॉडल टाउन थाना भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

