पानीपत की गीता कॉलोनी में एक प्रेमी जोड़े ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। मृतकों में 23 वर्षीय अविवाहित युवक शुभम और उसकी 26 वर्षीय शादीशुदा प्रेमिका कंचन शामिल हैं।
पानीपत। नूरवाला स्थित गीता कॉलोनी में प्रेमी जोड़े द्वारा एक साथ जहरीला पदार्थ खाने का मामला सामने आया है। घटना में 23 वर्षीय शुभम की शुक्रवार देर रात मौत हो गई, जबकि करीब 16 घंटे बाद शनिवार शाम उसकी 26 वर्षीय प्रेमिका कंचन ने भी दम तोड़ दिया।
शुभम के भाई देवी सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 8 बजे जब वह घर पहुंचा तो शुभम की तबीयत खराब थी। पूछने पर शुभम ने बताया कि कंचन उसे काफी समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी, जिसके चलते उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उसे तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां देर रात उसकी मौत हो गई।
वहीं कंचन के पति संदीप ने बताया कि शनिवार सुबह कंचन को उल्टियां होने लगीं। वह उसे अस्पताल लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने उसका बीपी कम होने की बात कही। हालत में कुछ सुधार होने पर कंचन को घर ले आए, लेकिन दोपहर बाद उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई।
परिजनों के अनुसार, पूछताछ में कंचन ने बताया कि उसने और शुभम ने एक साथ जहरीला पदार्थ खाया था। उसने यह भी बताया कि दोनों ने घर से भागने की योजना बनाई थी, लेकिन परिवार की बदनामी के डर से ऐसा नहीं कर सके।
शादी समारोह में हुई थी दोनों की मुलाकात देवी सिंह ने बताया कि कंचन मूल रूप से बिहार की रहने वाली थी और उसने नूरवाला निवासी संदीप से शादी की थी। करीब दो साल पहले परिवार में एक लड़की की शादी के दौरान कंचन और शुभम की मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी।
तहसील कैंप थाना प्रभारी बलजीत सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

