पानीपत। शहर में बुधवार सुबह एक विवाहिता के अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच अचानक पुलिस के पहुंचने से मामला पलट गया। परिजन चिता पर शव रख चुके थे, तभी पुलिस टीम वहां पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भेज दिया। अब शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा, जिसके बाद मौत की वजह को लेकर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
मामला ऊझा रोड स्थित सांईं कॉलोनी का है। मृतका की पहचान 20 वर्षीय पूनम के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक पूनम ने करीब दो साल पहले विश्वास उर्फ विशु के साथ घर से निकलकर शादी की थी। शादी के बाद पति-पत्नी अलग रह रहे थे। बताया जा रहा है कि पूनम के ससुराल पक्ष के साथ संबंध सामान्य नहीं थे।
दो दिन पहले पूनम ने घर की रसोई में रखा कोई संदिग्ध पदार्थ पी लिया था। तबीयत बिगड़ने पर उसे पहले उपचार के लिए ले जाया गया और बाद में रोहतक PGI में भर्ती कराया गया। मंगलवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद बुधवार सुबह परिवार अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर श्मशान घाट पहुंचा था।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और अंतिम संस्कार किया जा रहा है। सूचना मिलते ही चांदनीबाग थाना पुलिस श्मशान घाट पहुंची। टीम ने चिता पर रखे शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया।
मायके पक्ष ने लगाए हत्या के आरोप
पूनम के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसके भाई अर्जुन का कहना है कि शादी के बाद पूनम का अपने मायके आना-जाना लगभग बंद हो गया था। उसका आरोप है कि ससुराल में भी उसे परिवार से मिलने नहीं दिया जाता था। भाई के मुताबिक पूनम जब कभी फोन करती थी तो रोती थी और ससुराल में उसके साथ अच्छा व्यवहार नहीं होने की बात कहती थी।
अर्जुन ने यह भी बताया कि पूनम ने घरवालों की मर्जी के खिलाफ विश्वास उर्फ विशु के साथ शादी की थी। उसके मुताबिक बेटी से दूरी और परिस्थितियों से परेशान होकर उनके पिता ने भी शादी के करीब 10 दिन बाद आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस को अभी शिकायत का इंतजार
चांदनीबाग थाना के जांच अधिकारी SI चंद्रपाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि महिला की मौत जहर के कारण हुई है और उसके परिजन अंतिम संस्कार करने श्मशान घाट पहुंचे हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।
पुलिस अधिकारी के अनुसार अभी तक उन्हें कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- जामिया पोस्टर विवाद पर बृजभूषण का हमला, फारूक अब्दुल्ला पर बोले- पाकिस्तान के प्रति झलकता है प्रेम
- महाराष्ट्र में ‘आदिवासी GenZ जनआक्रोश मार्च’ निकाला जा रहा, सैकड़ों छात्र मांगों को लेकर प्रदर्शन पर अड़े
- छात्रा ने भेजा था स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेलः Delhi school Bomb threat मामले में दिल्ली पुलिस का खुलासा, जानें क्यों की ऐसी हरकत?
- जब चलती रोडवेज बस बनी डिलीवरी रूम, नन्हे की किलकारी से खिल उठे यात्रियों के चेहरे
- ‘इसे मारो, ये मुखबिरी करता है…’ वीडियो कॉल पर फरमान, 4 घंटे तक युवक को पीटा; फिर थाने के सामने फेंका

