पानीपत। पानीपत के पटेल नगर में पत्नी से हुए विवाद के बाद गुस्से में आकर एक 26 वर्षीय युवक ने घर के शीशे पर दोनों हाथ मार दिए। शीशा टूटने से उसके हाथ की नस कट गई और अत्यधिक खून बह जाने से वह बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रविवार सुबह करीब 7:30 बजे सिविल अस्पताल से सूचना मिलने के बाद तहसील कैंप थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
विवाद के बाद गुस्से में उठाया कदम
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना से पहले 26 वर्षीय गौरव और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर गौरव गुस्से में आ गया और उसने घर में लगे शीशे पर दोनों हाथों से जोर से वार कर दिया। इससे शीशा टूट गया और हाथ में कांच लगने से गंभीर चोट आई।
नस कटने से तेजी से बहा खून
चोट लगने के कारण गौरव के हाथ की नस कट गई और लगातार खून बहने लगा। परिजन और पड़ोसी उसे संभालकर तुरंत सरकारी अस्पताल लेकर गए, लेकिन ज्यादा खून बह जाने के कारण उसकी स्थिति गंभीर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
दरवाजे और फर्श पर मिला खून, पुलिस की इत्तेफाकिया कार्रवाई
सूचना मिलने पर तहसील कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के दरवाजे का शीशा टूटा मिला और जमीन व दरवाजे पर खून के निशान बिखरे मिले। पुलिस ने परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। तहसील कैंप थाना प्रभारी SI बंसी लाल के अनुसार, शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। फिलहाल मामले में इत्तेफाकिया कार्रवाई की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



