पानीपत पुलिस की सीआईए थ्री टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को स्मैक तस्करी के आरोप में पकड़ा है। आरोपी यूपी से नशीला पदार्थ लाकर हरियाणा में बेचने की फिराक में था।

पानीपत, प्रवीण भारद्वाज। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह (IPS) के कुशल मार्गदर्शन में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए थ्री पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस टीम ने जीटी रोड बबैल मोड़ के पास घेराबंदी कर एक युवक को 21.80 ग्राम स्मैक सहित रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान पवन पुत्र बलकार, निवासी कर्ण विहार कॉलोनी, करनाल के रूप में हुई है। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

गुप्त सूचना पर पुलिस की कार्रवाई

सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि उनकी टीम शुक्रवार शाम को गश्त के दौरान बाबरपुर अड्डे के पास मौजूद थी। इसी बीच टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि जीटी रोड बबैल मोड़ सर्विस लेन पर एक युवक मादक पदार्थ बेचने की फिराक में घूम रहा है। पुलिस टीम ने बिना देरी किए मौके पर दबिश देकर संदिग्ध को काबू किया। नियमानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार मतलौडा जोगेंद्र धनखड़ की उपस्थिति में जब युवक की तलाशी ली गई, तो उसकी लोअर की जेब से पोलिथीन में पैक स्मैक बरामद हुई, जिसका वजन 21.80 ग्राम पाया गया।

तीन दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी

प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी पवन ने कबूल किया कि वह स्वयं भी नशे का आदी है और अपनी लत को पूरा करने के साथ-साथ जल्द पैसा कमाने के लालच में तस्करी करने लगा। उसने बताया कि वह तीन दिन पहले उत्तर प्रदेश (यूपी) से एक युवक से 22 ग्राम स्मैक कम दाम पर खरीद कर लाया था। शनिवार को पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ करेगी ताकि नशा सप्लाई करने वाले मुख्य सप्लायर के ठिकानों का पता लगाकर उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जा सके।