पानीपत के राक्सेडा गांव में पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर लाठी-डंडों और गंडासी से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने पांचवे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रोहित उर्फ जोनी के रूप में हुई है, जिसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल डंडा बरामद किया गया है।

प्रवीण भारद्वाज, पानीपत। हथवाला चौकी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गांव राक्सेडा में घर में जबरन घुसकर पिता-पुत्र पर डंडों व गंडासी से हमला करने के मामले में पांचवे आरोपी को मंगलवार शाम को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान राक्सेडा निवासी रोहित उर्फ जोनी उर्फ कागा के रूप में हुई है। हथवाला चौकी इंचार्ज एएसआई राजेंद्र ने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपी रोहित ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात के समय इस्तेमाल किया गया एक डंडा भी बरामद कर लिया है, जिसके बाद बुधवार को आवश्यक पूछताछ समाप्त कर आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुरानी रंजिश के कारण दिया वारदात को अंजाम

चौकी इंचार्ज एएसआई राजेंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकारा कि उसके साथी नवीन की करीब एक महीना पहले गांव के ही पवन नाम के व्यक्ति के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश को मन में रखते हुए नवीन, विकास उर्फ बाटू, नितिश उर्फ काला, नवीन उर्फ जोनी और भोला ने मिलकर योजना बनाई। इसके बाद सभी आरोपियों ने 20 अप्रैल की रात को पवन के घर में घुसकर उसके भाई सुदामा और पिता कृष्ण पर डंडों व गंडासी से ताबड़तोड़ चोटें मारीं। पुलिस इस मामले में मुस्तैदी दिखाते हुए चारों साथी आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर उनके पास से 2 गंडासी, एक डंडा और एक मोटरसाइकिल बरामद कर माननीय न्यायालय के आदेश पर जेल भेज चुकी है।

पीड़ित परिवार की शिकायत पर दर्ज हुआ था केस

घटना के संदर्भ में थाना समालखा में राक्सेडा गांव निवासी पवन पुत्र कृष्ण ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया था कि 20 अप्रैल की रात वह और उसके परिवार के अन्य सदस्य घर पर सोए हुए थे। देर रात करीब 1:15 बजे घर के बाहर अचानक शोर सुनाई दिया, जब उसने बाहर निकलकर देखा तो उसके पिता कृष्ण घायल अवस्था में जमीन पर पड़े थे और भाई सुदामा के हाथ पर गंभीर चोट लगी हुई थी। पूछने पर पीड़ितों ने बताया कि गांव के ही बिजेंद्र, काला, जोनी, विकास उर्फ बाटू, जोनी उर्फ कागा, विराज, गोरी और फन्ना ने घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए डंडों, लोहे के पाइप व हथियारों से हमला किया है और गाड़ी के शीशे भी तोड़े हैं। समालखा थाना पुलिस ने इस शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई अमल में लाई थी।