प्रवीण भारद्वाज ,पानीपत। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के नेतृत्व में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत जिला पुलिस ने बुधवार को अजीजुल्लापुर और बिचपड़ी गांव में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया।

इस दौरान पुलिस टीम ने घर-घर जाकर ग्रामीणों से संवाद किया और उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। टीम ने बताया कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इससे मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ता है तथा आर्थिक स्थिति कमजोर हो जाती है, जिससे परिवार को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

पुलिस ने यह भी बताया कि नशे के कारण अपराधों में वृद्धि होती है, जिनमें चोरी, घरेलू हिंसा और सड़क दुर्घटनाएं प्रमुख हैं। नशा व्यक्ति की सोचने-समझने और निर्णय लेने की क्षमता को प्रभावित कर उसे गलत दिशा में ले जाता है।

अभियान के दौरान टीम ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों पर विशेष नजर रखें और उनसे नियमित संवाद बनाए रखें, ताकि उन्हें नशे जैसी बुराई से दूर रखा जा सके।

जिला नोडल अधिकारी डीएसपी प्रणय कुमार ने कहा कि हरियाणा पुलिस नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता पर भी विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि नशा तस्करी से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तुरंत MANAS टोल फ्री नंबर 1933 या नजदीकी पुलिस स्टेशन पर सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।पुलिस ने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।