खालिस्तान नेशनल आर्मी द्वारा चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन और स्कूलों को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पानीपत रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। जीआरपी और आरपीएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से प्लेटफॉर्म, ट्रेनों और पार्किंग एरिया में सघन चेकिंग अभियान चलाकर यात्रियों को सतर्क रहने की अपील की है।
प्रवीण भारद्वाज, पानीपत। खालिस्तान नेशनल आर्मी की ओर से चंडीगढ़ के रेलवे स्टेशन और कुछ स्कूलों को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हरियाणा समेत आसपास के इलाकों में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। इसी के चलते पानीपत रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया। स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, वेटिंग एरिया, पार्किंग और आने-जाने वाले सभी रास्तों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
अधिकारियों ने यात्रियों के सामान की जांच की, संदिग्ध वस्तुओं पर नजर रखी और लोगों को सतर्क रहने की अपील की। चेकिंग अभियान के दौरान यात्रियों को बताया गया कि किसी भी लावारिस बैग, संदिग्ध व्यक्ति या असामान्य गतिविधि की तुरंत सूचना सुरक्षा बलों को दें। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को जागरूक करते हुए यह भी समझाया गया कि अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।
जीआरपी अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरे संदेश के बाद रेलवे परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। पानीपत रेलवे स्टेशन पर तैनात पुलिस बल ने हर आने-जाने वाले यात्री की निगरानी की और ट्रेनों में भी जांच की गई। प्लेटफॉर्म पर खड़े यात्रियों के सामान की तलाशी ली गई, जबकि स्टेशन के बाहर भी वाहनों की जांच की गई।
सुरक्षा एजेंसियों ने साफ किया है कि किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। रेलवे प्रशासन ने भी स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बढ़ा दिया है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके। इस दौरान स्टेशन पर लगातार अनाउंसमेंट कर यात्रियों को सतर्क रहने और सहयोग करने की अपील की गई।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और जांच अभियान लगातार जारी है। पुलिस और जीआरपी की टीमें हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

