प्रवीण भारद्धाज, पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले में मुखीजा कॉलोनी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. सुबह अपने स्कूल जा रही स्कूटी सवार 35 वर्षीय महिला शिक्षिका को एक अन्य निजी स्कूल की बस ने कुचल दिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है.
स्कूल के लिए निकली थी शिक्षिका, रास्ते में हुआ हादसा
मृतक महिला की पहचान 35 वर्षीय शीतल के रूप में हुई है, जो एक निजी स्कूल में बतौर टीचर कार्यरत थीं. परिजनों के मुताबिक शीतल रोज की तरह सुबह अपने घर से स्कूटी पर सवार होकर अपने स्कूल जाने के लिए निकली थीं. जब वह मुखीजा कॉलोनी के पास पहुंचीं, तभी सामने से आ रही एक दूसरे निजी स्कूल की बस ने उनकी स्कूटी को चपेट में ले लिया.
10 साल के बेटे की मां थी शीतल, परिवार में मातम
शीतल का एक 10 साल का बेटा है. सुबह-सुबह अचानक हुई इस दर्दनाक मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय निवासियों की मदद से पुलिस को घटना की जानकारी दी गई.
पुलिस जुटी मामले की जांच में
हादसे के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है. पुलिस दुर्घटना के कारणों, बस की रफ्तार और चालक की लापरवाही को लेकर जानकारी जुटा रही है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

