सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले अंतर्गत गोहाना क्षेत्र के कथूरा गांव स्थित देवी मंदिर में 25 वर्षीय पुजारी सचिन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक के परिजनों ने अश्लील अफवाहों के चलते गांव के अज्ञात लोगों पर लात-घूंसों से पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगाया है. बरोदा थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

3 साल से कथूरा के देवी मंदिर में पूजा-पाठ कर रहा था सचिन

कैथल जिले के रोहेड़ा गांव निवासी अमन के मुताबिक उसका छोटा भाई सचिन (25) पिछले 7 सालों से पुजारी का काम कर रहा था. पिछले 3 सालों से वह गोहाना के कथूरा गांव स्थित देवी मंदिर में रहकर पूजा-पाठ की जिम्मेदारी संभाल रहा था. 8 अक्टूबर की सुबह परिजनों को सचिन की मौत की सूचना मिली, जिसके बाद भाई अमन, अनूप और अन्य चचेरे भाई मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाकर पुलिस को शिकायत दी.

7 और 8 अक्टूबर की मध्यरात्रि को हुआ बवाल, अस्पताल में मृत घोषित

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 7 और 8 अक्टूबर की मध्यरात्रि को सोनीपत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि कथूरा गांव के देवी मंदिर के पुजारी के साथ अश्लील हरकतों को लेकर कुछ ग्रामीणों ने मारपीट की है. सूचना पर बरोदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. गांव के सरपंच नवीन घायल सचिन को तुरंत सरकारी अस्पताल गोहाना-खानपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

परिजनों का आरोप- अश्लील अफवाहों के कारण की गई मारपीट

मृतक के भाई अमन ने आरोप लगाया कि गलत और अश्लील अफवाहों के कारण गांव के कुछ अज्ञात लोगों ने उसके भाई सचिन के साथ जमकर मारपीट की. लात-घूंसों और अन्य गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हुई है. पुलिस ने घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाया है. बरोदा थाना पुलिस का कहना है कि अज्ञात आरोपियों की पहचान और घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m