प्रवीण भारद्वाज, पानीपत। जिले मे समालखा के डिकाडला गांव में प्रॉपर्टी डीलर नरेंद्र और उनके 2 दोस्तों विनोद व अनीप की हत्या के मामले में पुलिस ने मनीष को गिरफ्तार किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने जांच समालखा थाना से हटाकर सीआईए-1 को सौंप दी थी।

यह घटना 10 जुलाई की रात करीब 9 बजे हुई थी। अवैध खनन की शिकायत करने के शक में स्कूटी सवार तीनों दोस्तों को स्कॉर्पियो से टक्कर मारकर मार दिया गया था। पुलिस के अनुसार, तीनों खेतों से लौटते समय डिकाडला आट्टा गांव रोड पर बातचीत कर रहे थे। तभी काले रंग की स्कॉर्पियो में आए हमलावरों ने पहले पास आकर उनकी पहचान की और फिर पीछे जाकर तेज रफ्तार से तीनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों करीब 25 मीटर दूर खेतों में जा गिरे।
तीनों दोस्तों ने अस्पताल में तोड़ा था दम
डिकाडला गांव के वीरेंद्र गाहल्याण ने पुलिस को बताया कि घटना के समय एक पड़ोसी युवक ने फोन कर हमले की सूचना दी थी। वे तुरंत अपने भाई नरेंद्र, उनके दोस्त विनोद और अनीप को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां तीनों ने दम तोड़ दिया।
मृतक नरेंद्र ने अवैध खनन की सूचना दी थी
वीरेंद्र के मुताबिक, नरेंद्र ने बताया था कि कुछ दिन पहले खनन विभाग ने गांव के मनीष की ट्रॉली और डंपर जब्त किए थे। इसके बाद मनीष उनसे रंजिश रखने लगा था और लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा था।
मिट्टी उठाने का काम करता है मनीष
समालखा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मनीष, संदीप, रविंद्र, नवीन, तुषार, सचिन, नीरज, राजबीर और सूरज समेत कई लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया है। डीएसपी सतीश कुमार ने बताया कि मनीष मिट्टी उठाने का काम करता है और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर टक्कर मारी थी।

