इदरीश मोहम्मद, पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में जारी मूसलाधार बारिश ने नदी-नालों को रौद्र रूप दे दिया है। इसके बावजूद लोग जान हथेली पर रखकर उफनती पुलियाओं को पार कर रहे हैं। ऐसा ही एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा खोरा से अमरछी मार्ग पर सामने आया, जहां एक उफनते नाले को पार करते वक्त महिला समेत तीन लोग तेज बहाव में बह गए। लेकिन ग्रामीणों ने उनकी जिंदगियां बचा ली।
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ दिल दहला देने वाले वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक ही मोटरसाइकिल पर सवाल होकर तीन लोग (एक महिला और दो पुरुष) तेज बहाव के बीच नाला पार करने का दुस्साहस कर रहे थे। बीच रास्ते में अचानक पानी के प्रचंड वेग ने बाइक का संतुलन बिगाड़ दिया। देखते ही देखते महिला पानी में समाने लगी, जिसे बचाने के चक्कर में दोनों पुरुष भी तेज धार में बह गए।
ये भी पढ़ें: तिरंगा यात्रा के दौरान हादसाः नेताओं से भरी जीप का अगला हिस्सा हवा में उठा, महिला पार्षद के सिर में आए 6 टांके
यह हादसा देख मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए अपनी जान जोखिम में डाली और तुरंत पानी में कूद पड़े। ग्रामीणों की सूझबूझ और बहादुरी से तीनों लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। बारिश के दौरान उफनते नदी नालों को पार करने की कोशिश हरगिज न करें। तेज बहाव वाले रास्तों से बचें। थोड़ी सी सावधानी बड़ी अनहोनी को टाल सकती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


