Bihar News: राजधानी पटना के एक होटल में ठहरे पिता के सामने उसकी बेटी के साथ छेड़खानी मामले में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने बड़ा बयान दिया है। पप्पू यादव ने सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि, सरकार बेटियों को सुरक्षा देने में सक्षम नहीं है, तो हर बेटी के पिता को हथियार का लाइसेंस दे दे। सांसद ने पटना के होटल हिडेन विला जिसमें एक बेटी के साथ दुष्कर्म का प्रयास हुआ, उस होटल को ध्वस्त करने और उसके संचालक को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है।

पिता के सामने बेटी से छेड़खानी

दरअसल पूरा मामला बीते शनिवार देर रात की है, जहां पटना एक होटल (हिडेन विला) में ठहरे पिता के सामने उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया गया। उसके साथ दरिंदगी करने की कोशिश की गई। यह घटना होटल संचालन और कानून व्यवस्था दोनों पर ही गंभीर सवाल खड़ा करती है। पूरा मामला रूपसपुर थाना क्षेत्र के महावीर कॉलोनी का है। अब इस मामले को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है। विपक्ष के नेता इस मुद्दे को लेकर सरकार और बिहार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

पिता संग परीक्षा देने आई थी पीड़िता

हालांकि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, होटल को भी प्रशासन ने सील कर दिया है। दरअसल बेगूसराय की रहने वाली पीड़िता अपने पिता के साथ पॉलिटेक्निक की परीक्षा देने के लिए पटना आई हुई थी। इस दौरान दोनों पिता-बेटी महावीर कॉलोनी में स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे। आरोप है कि इस बीच देर रात एक युवक नशे की हालत में जबरन कमरे में घुस गया और पिता के सामने उनकी बेटी के साथ छेड़खानी करने लगा।

पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार

पीड़िता और छात्रा के पिता के शोर मचाने और सूचना देने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सत्येंद्र के रूप में हुई है। घटना के समय मुख्य आरोपी शराब के नशे था और उसके साथ कुछ और भी युवक मौजूद थे, जिनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस पूछताछ में जुटी हुई है।

होटल प्रबंधन की भूमिका संदिग्ध

घटना को लेकर होटल प्रबंधन की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। दरअसल जिस समय यह घटना हुआ उस समय होटल का सीसीटीवी कैमरा बंद था, जिस वजह से यह पूरी वारदात रिकॉर्ड नहीं हो सकी। इसे लेकर होटल प्रबंधन पर भी संदेह जताया जा रहा है। जांच में यह भी पता चला है कि पहले भी कई बार होटल संचालन को लेकर लापरवाही सामने आ चुकी है। फिलहाल इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने होटल को सील कर दिया है।

छानबीन में जुटी पुलिस

पश्चिमी एसपी भानु प्रताप सिंह ने घटना को बेहद ही गंभीर बताते हुए कहा कि, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि, होटल मालिक और प्रबंधन से पूछताछ की जाएगी कि सुरक्षा व्यवस्था में इतनी बड़ी लापरवाही क्यों बरती गई? होटल के सीसीटीवी कैमरे बंद क्यों थे और बिना पर्याप्त निगरानी के लोगों को ठहराने की अनुमति कैसे दी गई? पीड़िता की शिकायत पर रूपसपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

पश्चिमी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी युवक सत्येंद्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना के समय उसके साथ मौजूद अन्य युवकों की भी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

पीड़िता के पिता को मिल रही धमकी

वहीं, घटना के बाद मीडिया के सामने आकर पीड़िता छात्र के पिता ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के पिता का कहना है कि इतनी बड़ी घटना घटने के बाद भी आरोपियों द्वारा उसे फोन कर धमकी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि होटल संचालक की ओर से उसे यह धमकी दी जा रही है कि केस लड़ने तो पटना ही आओगे ना देख लेंगे। उनका कहना है कि घटना के बाद भी आरोपी इस तरह की धमकी दे रहे हैं। वे पैसे वाले होंगे तो उनका कुछ नहीं होगा। लेकिन अब कौन सा बाप अपनी बेटी को परीक्षा दिलाने के लिए पटना आएगा। मैं अपनी बेटी को कौन सा मुंह दिखाऊंगा? क्या हम लोगों का न्याय मिल पाएगा।

ये भी पढ़ें- Bihar Today Weather: बिहार में मौसम का डबल अटैक, कहीं झमाझम बारिश तो कहीं प्रचंड गर्मी