कुंदन कुमार, पटना। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव आज मंगलवार को पटना के न्यू करबिगहिया पहुंचे, जहां उन्होंने अपहरण के बाद मृत मिले बंटी यादव के परिजनों से मुलाकात की और उनके प्रति अपनी संवेदना जाहिर की। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के साथ ही उनकी आर्थिक सहायती भी की। वहीं, बंटी यादव हत्याकांड मामले में दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से फांसी की सजा देने की मांग की। इसके अलावा सरकार से पीड़ित परिवार को सरकारी नौकरी और आर्थिक मदद देने की भी मांग की।
बिहार में गुंडाराज- पप्पू यादव
इस दौरान सांसद पप्पू यदव ने बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर सम्राट सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद ने कहा कि, बिहार में गुंडाराज है। उन्होंने कहा कि राजधानी पटना में प्रतिदिन 12 हत्या, 12 बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं। बड़े-बड़े होटलों में सेक्स रैकेट चल रहा है। बिहार में शराबबंदी के बाद शराब तस्करी आम हो गई है। शराब माफिया, बालू माफिया लगातार हत्या करवाने का काम कर रहे हैं।
बिहार में कुछ भी ठीक नहीं- पप्पू यादव
पप्पू यादव ने आगे कहा कि, सेक्स रैकेट के खिलाफ आवाज उठाने वालों की हत्या हो जाती है। यही बिहार है और सरकार सुशासन बता रही है। सरकार कह रही है कि सब ठीक है, जबकि बिहार में कुछ ठीक नहीं है। आम आवाम कराह रहा है। महिलाएं, बच्चियां असुरक्षित हैं। ये सरकार कर क्या रही है? समझ में नहीं आ रहा है। बिहार को कहां धकेल रही है।
जानें क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि बीते 7 जुलाई की देर रात पटना जंक्शन स्थित हनुमान मंदिर के पास से बंटी यादव का अपहरण कर लिया गया था, जिसका शव 5 दिन बाद 12 जुलाई को अथमल गोला में सड़क किनारे गड्ढे में मिला था। बंटी यादव के अपहरण होने का खुलासा तब हुआ जब पटना जंक्शन स्थित दूध मार्केट के पास एक दुकान का सीसीटीवी फुटेज सामने आया। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बीते सोम-मंगलवार की देर रात करीब 1 बजे 7 से 8 लोग बंटी के साथ मारपीट कर रहे हैं और उसे जबरन अपने साथ ले जा रहे हैं।
अवैध सेक्स रैकेट का विरोध कर रहा था युवक
परिजनों के अनुसार, बंटी यादव सोमवार रात करीब 11:30 बजे अपने रिश्तेदारों को छोड़ने के लिए पटना जंक्शन गया था। काफी देर तक न लौटने पर जब परिजनों ने फोन किया, तो उसने ट्रेन लेट होने की बात कहकर कॉल काट दिया। इसके बाद अहले सुबह से उसका फोन नहीं लगा, जिसके बाद परिजनों ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। परिजनों का आरोप है कि बंटी स्टेशन के आसपास चल रहे कथित अवैध सेक्स रैकेट और गलत गतिविधियों का लंबे समय से विरोध कर रहा था।
3 सहायक दरोगा समेत 4 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
बंटी यादव हत्याकांड मामले में पटना सेंट्रल एसपी ने बड़ा एक्शन लिया है। एसपी ममता कल्याणी ने मामले में कोतवाली थाने के चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इनमें तीन सहायक एंव निरीक्षण और एक गृहर रक्षक पुलिसकर्मी शामिल हैं। इन सभी पर बंटी यादव हत्याकांड मामले में लापरवाही बरतने का आरोप है। निलंबन के दौरान इनका मुख्यालय नवीन आरक्षी पुलिस केंद्र, पटना रहेगा। निलंबित सभी पदाधिकारियों और कर्मी से 3 दिन के अंदर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है।
ये भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव में ‘जबरिया दुल्हे’ की एंट्री! BJP प्रत्याशी पर रोहिणी आचार्य का बड़ा हमला

