Maner Encounter: राजधानी पटना के मनेर में बीते शुक्रवार (6, नवंबर) की सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन अपराधी ढेर हो गए थे। एनकाउंटर को लेकर विपक्ष की ओर से लगातार सवाल उठाया जा रहा है। इस बीच आज दिवाली के मौके पर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव एनकाउंटर में मारे गए अपराधियों के घर पहुंचे, जहां परिजनों से मुलाकात कर एनकाउंटर पर सवाल उठाया और परिवार को सांत्वना दी। इस दौरान उनके साथ में भी काफी लोग मौजूद रहे।

हर समाज के अपराधियों की जारी हो सूची

मनेर एनकाउंटर में मारे गए परिजनों से मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया एक्स पर शेयर करते हुए पप्पू यादव ने अपनी अलग-अलग पोस्टों में लिखा, हम बिहार सरकार से कहेंगे कि एक बार ही हर समाज के अपराधियों की सूची जारी कर दीजिए, ताकि किसी आम आदमी को अपराधी बताकर एनकाउंटर न किया जाए। सांसद ने कहा कि, आखिर कानून पुलिस को कौन-सा अधिकार देता है कि एनकाउंटर में कमर से ऊपर 7 से 11 गोलियां मारी जाएं?

पप्पू यादव ने एनकाउंटर को हत्याकांड बताते हुए कहा कि, मनेर हत्याकांड में कई गंभीर सवाल हैं। दर्जन भर गोली लगने के बावजूद मृतक के कपड़ों में छेद न होना और खून के निशान न मिलना पटना पुलिस की कार्रवाई पर संदेह पैदा करता है। इन सवालों का जवाब पारदर्शी जांच से ही मिल सकता है। सच्चाई सामने आनी चाहिए।

हाईकोर्ट के न्यायाधीश से जांच की मांग

सांसद पप्पू यादव ने कहा कि, मनेर हत्याकांड पूरी तरह कॉन्सपिरेसी की ओर इशारा करता है। दानापुर में भू-माफिया, अपराधियों और पुलिस की मिलीभगत से इस घटना को अंजाम दिया। बाद में वाहवाही लूटने के लिए पुलिस इसे एनकाउंटर का नाम दे रही है। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है।

उन्होंने कहा कि, हम मनेर हत्याकांड की जांच हाईकोर्ट के वर्तमान न्यायाधीश से कराने की मांग करते हैं। अगर ऐसा नहीं हुआ तो हम न्याय के लिए कोर्ट जाएंगे, लेकिन अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं करेंगे। किसी भी निर्दोष को अपराधी बताकर एनकाउंटर करने की छूट नहीं दी जा सकती।

पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड के आरोपी थे तीनों

दरअसल बीते शुक्रवार की सुबह मनेर में शुक्रवार की सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन अपराधियों की गोली लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों अपराधी मनेर के पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भानु की हत्या के आरोपी थे। वहीं, मुठभेड़ में मनेर थाना के SHO रजनीश कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए। उनके हाथ में गोली लगी है, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर गंगा घाट के पास की है। गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाला।

ये भी पढ़ें- CM सम्राट चौधरी ने दलित बस्ती में मनाई दिवाली, लोगों को उपहार देकर बांटी खुशियां