समस्तीपुर। विद्यापतिनगर थाने के बंगराहा गांव में 14 वर्षीय छात्र ईशांत उर्फ छोटू की जघन्य हत्या के मामले में मंगलवार को पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। सांसद ने मृतक के पिता रामप्रीत यादव और शोकाकुल मां को सांत्वना दी और उन्हें हर संभव न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।

​दोषियों को मिले कठोर सजा

पीड़ित परिजनों से मिलते समय सांसद भावुक हो गए। ईशांत की मां ने जब उनके पैर पकड़कर न्याय की गुहार लगाई तो उन्होंने उन्हें ढांढस बंधाया। पत्रकारों से बात करते हुए पप्पू यादव ने कहा जब तक मैं जीवित हूं इस मामले में जाति-पाति के आधार पर कार्रवाई नहीं होने दूंगा। उन्होंने राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि इस हत्याकांड की सुनवाई स्पीडी ट्रायल के माध्यम से होनी चाहिए ताकि दोषियों को जल्द से जल्द फांसी या कड़ी से कड़ी सजा मिले।

​एसपी से की बात, अपराधियों की हो गिरफ्तारी

सांसद ने स्थानीय पुलिस प्रशासन पर भी दबाव बनाया। उन्होंने समस्तीपुर एसपी से फोन पर वार्ता कर फरार चल रहे अन्य आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि अपराधी चाहे कितना भी रसूखदार क्यों न हो कानून की नजर से बच नहीं सकता। उन्होंने घोषणा की कि वे समाज के हर वर्ग को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष जारी रखेंगे।

​क्या है पूरा मामला?

ज्ञात हो कि 10 जून की शाम ईशांत रहस्यमय ढंग से लापता हो गया था। पिता रामप्रीत राय की शिकायत पर गांव के ही नंद कुमार सिंह उर्फ आनंदी सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस दबाव के कारण मुख्य आरोपी नंद कुमार ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया जिसके बाद रिमांड पर पूछताछ के दौरान उसने जुर्म कबूला।
​आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र स्थित उसके खेत से करीब 10-12 फीट गहरा गड्ढा खुदवाकर पॉलिथीन में लिपटा ईशांत का शव बरामद किया था। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में गहरा आक्रोश व्याप्त है और लोग लगातार अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है।