Bihar news: ​बिहार की राजनीति में इन दिनों पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का सरकारी आवास खाली करने का मुद्दा गरमाया हुआ है। भवन निर्माण विभाग द्वारा राबड़ी देवी को बंगला खाली करने के लिए तीसरा नोटिस भेजा गया है, जिस पर पूर्व सीएम ने तल्ख तेवर अपनाते हुए कहा है कि वे आवास खाली नहीं करेंगी, सरकार चाहे तो फोर्स बुलाकर जबरन खाली करवा ले। इस पूरे विवाद के बीच पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव, लालू परिवार के समर्थन में खुलकर सामने आए हैं।

​अहंकार छोड़ें सम्राट चौधरी

​पप्पू यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को निशाने पर लेते हुए कहा कि राबड़ी देवी सभी के लिए मां के समान हैं। उन्होंने सम्राट चौधरी से अपील की कि वे बदले की भावना से काम न करें और राबड़ी देवी को अपमानित करना छोड़ें। पप्पू ने तंज कसते हुए कहा कल आप भी भूतपूर्व होंगे यह अहंकार छोड़ दीजिए। उन्होंने सुझाव दिया कि जिस मंत्री को यह बंगला आवंटित किया गया है उन्हें सरकार कोई दूसरा विकल्प दे सकती है।

​रिशु श्री सेक्स रैकेट मामले में बड़े खुलासे

​राबड़ी देवी के मामले के साथ ही पप्पू यादव ने रिशु श्री सिन्हा प्रकरण पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि रिशु श्री एक सेक्स रैकेट चलाता है जो रसूखदार नेताओं और मंत्रियों तक लड़कियां सप्लाई करता है। पप्पू के अनुसार रिशु श्री के पास 15 कंपनियां हैं और वह अचानक अरबपति कैसे बन गया यह बड़ा सवाल है।
​उन्होंने दावा किया कि इस मामले में कई बड़े मंत्रियों की संलिप्तता है। पप्पू यादव ने कहा कि ईडी द्वारा नगर विभाग से इन कंपनियों के टेंडर के बारे में जवाब मांगे जाने के बावजूद किसी मंत्री ने अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। उन्होंने घोषणा की है कि एक सप्ताह के भीतर वे उन सभी मंत्रियों के नाम सार्वजनिक करेंगे जो इस रैकेट में शामिल हैं। साथ ही उन्होंने इस मामले की स्पीडी ट्रायल के लिए सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ने का ऐलान किया है।

चारा घोटाले की तरह मंत्रियों की भी हो जिम्मेदारी

​पप्पू यादव ने लालू यादव के चारा घोटाले का उदाहरण देते हुए कहा कि जब सिर्फ हस्ताक्षर करने पर लालू यादव को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है तो रिशु श्री मामले में अब तक रहे सभी संबंधित मंत्री जवाबदेह क्यों नहीं हो सकते? उन्होंने कहा कि इस मामले की तह तक जाना जरूरी है और वह हर मंच पर सच को उजागर करेंगे।

​विपक्ष और लालू परिवार पर भी तंज

​पप्पू यादव ने विपक्ष को कायर बताते हुए निशाना साधा। वहीं लालू परिवार को चेतावनी दी कि सिर्फ जन्मदिन की पार्टियां मनाने से राजनीति नहीं चलती। उन्होंने तेजस्वी यादव को सतर्क करते हुए कहा कि उन्हें अपने आसपास के लोगों से सावधान रहना होगा अन्यथा आने वाले समय में उन्हें और राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।