कुमार उत्तम, मुजफ्फरपुर। सांसद पप्पू यादव द्वारा संसद और जंतर-मंतर पर कथित रूप से भिक्षाटन किए जाने के मामले पर सियासत और विरोध का दौर लगातार जारी है। इसी कड़ी में विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने तीखा विरोध जताते हुए मुजफ्फरपुर के प्रसिद्ध बाबा गरीब नाथ मंदिर में विशेष हवन-यज्ञ और प्रदर्शन किया। संगठन ने इसे सनातन संस्कृति और संत समाज का अपमान करार दिया है।
संतों के वेश में भिक्षाटन का आरोप
विश्व हिंदू परिषद के उत्तर बिहार प्रांत के अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में मुजफ्फरपुर जिला इकाई के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता बाबा गरीब नाथ मंदिर पहुंचे। विरोध प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने आरोप लगाया कि सांसद पप्पू यादव ने संसद और जंतर-मंतर पर साधु-संतों का वेश धारण कर भिक्षाटन किया, जो संसद की गरिमा और सनातन परंपराओं के अनुकूल नहीं है।
इस अनुष्ठान और हवन-यज्ञ में मंदिर के मुख्य पुजारी विनय पाठक ने भी पूरा सहयोग दिया। हवन संपन्न होने के बाद वीएचपी कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया और सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पप्पू यादव ने देश के ऋषि-मुनियों का अपमान किया
विश्व हिंदू परिषद के मुजफ्फरपुर जिला उपाध्यक्ष राजीव रंजन ने इस अवसर पर कड़े शब्दों में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा:
एक सांसद पद पर आसीन व्यक्ति द्वारा इस तरह का कृत्य करना संसद की गरिमा को धूमिल करता है। यह पूरे सनातनी समाज और हमारे देश के ऋषि-मुनियों का सीधा अपमान है। इसी के विरोध में हमने दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ बाबा गरीब नाथ मंदिर में करीब एक घंटे तक हवन किया है।
उन्होंने आगे बताया कि संगठन के कार्यकर्ताओं ने भगवान से प्रार्थना की है कि वे सांसद पप्पू यादव को सद्बुद्धि प्रदान करें। इस विरोध प्रदर्शन और हवन कार्यक्रम में प्रांतीय अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह के साथ-साथ जिला उपाध्यक्ष राजीव रंजन, नगर अध्यक्ष कुणाल कुमार, राहुल कुमार सहित दर्जनों पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


