गुरुग्राम। शहर की एक प्रीमियम हाउसिंग सोसाइटी में उस वक्त हड़कंप मच गया जब पार्किंग में खड़ी गाड़ियों पर छत का एक बड़ा हिस्सा भरभरा कर गिर पड़ा। सेक्टर 102A स्थित अडानी ऑयस्टर सोसाइटी में यह खौफनाक मंजर देखने को मिला है। गनीमत रही कि जिस वक्त यह भारी-भरकम मलबा गिरा, वहां कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था, वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी।

गाड़ियां हुईं चकनाचूर, बाल-बाल बचे लोग

घटना सोसाइटी के टावर एच की बेसमेंट पार्किंग के बी1 लेवल पर हुई है। रेजिडेंट्स के मुताबिक अचानक तेज आवाज के साथ छत का प्लास्टर और लैंटर का बड़ा हिस्सा नीचे खड़ी कारों पर आ गिरा। तेज धमाके की आवाज सुनकर वहां मौजूद लोग अपनी जान बचाकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। हादसे के बाद से सोसाइटी के लोगों में अपनी सुरक्षा को लेकर भारी गुस्सा और डर का माहौल है।

सोसाइटी प्रशासन पर उठे सवाल

प्रीमियम सोसाइटी में हुए इस हादसे के बाद रेजिडेंट्स अब निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर वक्त रहते इन खामियों को नहीं सुधारा गया, तो ऐसी घटनाएं भविष्य में किसी की जान भी ले सकती हैं। फिलहाल क्षतिग्रस्त गाड़ियों का नुकसान काफी ज्यादा बताया जा रहा है। घटना के बाद से पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर करोड़ों की लागत वाली बिल्डिंग का ढांचा इतना कमजोर कैसे निकला।