अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल से ब्यौहारी जा रही एक यात्री बस बुधवार को हादसे का शिकार हो गई। ब्यौहारी थाना क्षेत्र के टिहकी मोड़ के पास तेज रफ्तार दीपक बस सर्विस की बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में 30 से अधिक यात्रियों के घायल होने की खबर है, जबकि 6 यात्रियों की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ब्यौहारी पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
READ MORE: छात्राओं के WhatsApp ग्रुप में भेजा आपत्तिजनक वीडियो! शिक्षक पर लगे आरोप, ABVP ने दी आंदोलन की चेतावनी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस शहडोल से ब्यौहारी की ओर जा रही थी। इसी दौरान टिहकी मोड़ के पास बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में बैठे यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बस के अंदर से यात्रियों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी। स्थानीय लोग तत्काल मदद के लिए पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में जुट गए।
READ MORE: अब घर भी सुरक्षित नहीं… रात के अंधेरे में युवती को उठा ले गया तेंदुआ, सुबह मिली खून से लथपथ लाश
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय स्तर पर राहत एवं बचाव की कोशिशें शुरू की गईं, घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम उनका उपचार कर रही है। गंभीर रूप से घायल छह यात्रियों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। हादसे के बाद एक बार फिर यात्री वाहनों की रफ्तार और सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर बस चालक का वाहन से नियंत्रण कैसे बिगड़ा और दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा, फिलहाल हादसे से जुड़े विस्तृत तथ्यों और घायलों की पहचान का इंतजार है। ब्यौहारी थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा ने जानकारी देते बताया कि टिहकी मोड के पास खड़े ट्रक से दीपक बस सर्विस की बस टकरा गई,जिसमें सवार 30 से अधिक यात्रियों को चोटे आई है, मामले में वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

