अमित पांडेय, सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां शासकीय गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं के लिए बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप में आपत्तिजनक वीडियो भेजने का गंभीर आरोप लगा है। इस घिनौनी हरकत के केंद्र में कॉलेज के शारीरिक शिक्षा विभाग के एक शिक्षक बताए जा रहे हैं। जिनकी इस करतूत के बाद पूरे शैक्षणिक जगत में हड़कंप मच गया है। कॉलेज की छात्राओं की गरिमा और सुरक्षा से जुड़े इस संवेदनशील मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद आक्रामक है। ABVP की महिला पदाधिकारियों और छात्राओं ने कॉलेज पहुंचकर प्राचार्य को जमकर खरी-खोटी सुनाई और ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी शिक्षक के खिलाफ तत्काल प्रभाव से कड़ी कार्रवाई की मांग की।
शिक्षक पर लगे गंभीर आरोप, छात्राओं की गरिमा पर सवाल
यह पूरा मामला हाल ही के दिनों का है, जब शासकीय कन्या महाविद्यालय की छात्राओं के लिए आपसी संवाद और सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए बनाए गए व्हाट्सएक ग्रुप में आपत्तिजनक वीडियो साझा किए जाने की बात सामने आई। छात्राओं का आरोप है कि यह घटिया हरकत शारीरिक शिक्षा विभाग में तैनात शिक्षक द्वारा की गई है। इस खुलासे के बाद से न केवल पीड़ित छात्राओं आक्रोश व्याप्त है। कॉलेज जैसे पवित्र मंदिर में गुरु-शिष्य के रिश्ते को कलंकित करने वाली इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है और यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जब शिक्षण संस्थानों के अंदर ही छात्राएं सुरक्षित नहीं रहेंगी, तो अभिभावक अपनी बेटियों को पढ़ाने के लिए कैसे भेजेंगे।

प्राचार्य ने गठित की जांच टीम, एबीवीपी की चेतावनी
मामले की गंभीरता को भांपते हुए और लगातार बढ़ते दबाव के बीच कॉलेज के प्राचार्य ओपी नामदेव ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित करने की बात कही है। प्राचार्य का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि एबीवीपी की छात्रा पदाधिकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि जांच के नाम पर मामले को दबाने की कोशिश की गई या आरोपी शिक्षक को बचाने का प्रयास हुआ तो विद्यार्थी परिषद चुप नहीं बैठेगी। ABVP ने हुंकार भरते हुए कहा है कि यदि तय समय सीमा में न्यायसंगत और कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

