जमशेदपुर। कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल MGM की व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। शनिवार को अस्पताल की लिफ्ट अचानक बीच में रुक गई, जिससे करीब 20 से 25 मरीज और उनके परिजन अंदर ही फंस गए। लिफ्ट बंद होने के बाद कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। करीब 15 से 20 मिनट की मशक्कत के बाद सभी लोगों को बाहर निकाला जा सका।
अचानक बंद हुई लिफ्ट, अंदर मची बेचैनी
बताया जा रहा है कि लिफ्ट में मरीजों के साथ उनके परिजन भी सवार थे। इसी दौरान अचानक लिफ्ट ने काम करना बंद कर दिया। काफी देर तक लोग अंदर फंसे रहे। सूचना मिलने के बाद कर्मचारियों और अन्य लोगों ने लिफ्ट खोलने का प्रयास किया। आखिरकार सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान एक बच्ची को भी लिफ्ट से बाहर निकालते हुए देखा गया।
MGM में लिफ्ट की समस्या पुरानी
अस्पताल में लिफ्ट के खराब होने की समस्या पहले भी सामने आती रही है। जून में सामने आई जानकारी के मुताबिक MGM में कुल 16 लिफ्ट हैं, जिनमें से 12 लिफ्ट खराब थीं। उस समय सिर्फ चार लिफ्ट के चालू होने की बात कही गई थी।
लिफ्टों की कमी के कारण बुजुर्ग मरीजों, गर्भवती महिलाओं और अस्पताल के कर्मचारियों को सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ रहा था। दवाइयों और अन्य सामान को भी सीढ़ियों के जरिए ऊपर-नीचे ले जाने की स्थिति बनी हुई थी।
मेंटेनेंस व्यवस्था पर भी उठे सवाल
सूत्रों के अनुसार, अस्पताल में लिफ्ट संचालन को लेकर कई स्तर पर समस्याएं बनी रहती हैं। लिफ्ट की चाबी से लेकर रखरखाव तक की व्यवस्था को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में मरीजों से भरी लिफ्ट का बीच रास्ते में रुकना अस्पताल की सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझ रहे मरीज
MGM अस्पताल में मरीजों की अव्यवस्था से जुड़ी तस्वीरें पहले भी सामने आती रही हैं। कभी खराब लिफ्ट तो कभी स्ट्रेचर पर इलाज की स्थिति मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी बढ़ाती है।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से सुविधाओं में सुधार के दावे किए जाते रहे हैं, लेकिन शनिवार की घटना ने एक बार फिर मरीजों की सुरक्षा और अस्पताल की बुनियादी व्यवस्थाओं पर सवाल खड़ा कर दिया है।


