पटना। ​बिहार की राजधानी के बिहटा इलाका सोमवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा उठा। बिहटा थानाक्षेत्र के महमदपुर गांव में महज कुछ ही घंटों के भीतर दो अलग-अलग गोलीबारी की घटनाएं सामने आईं। इन वारदातों ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। इन घटनाओं में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।

​पैसे के विवाद में साले ने जीजा को मारी गोली

​महमदपुर गांव में पहली वारदात पारिवारिक रंजिश और पैसे के लेनदेन को लेकर हुई। मिली जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय अखिलेश शर्मा का अपने साले मदन शर्मा (निवासी हीरामणपुर) के साथ काफी समय से रुपयों को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार को यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
​तनाव की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचने वाली थी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से महज 100 मीटर पहले ही मदन शर्मा ने अपने जीजा अखिलेश शर्मा के सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। घायल अखिलेश शर्मा को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

​घर में घुसकर युवक की हत्या, सिर और छाती में दागी गोलियां

​अभी पुलिस पहली घटना की तफ्तीश में जुटी ही थी कि महमदपुर गांव से ही दूसरी दिल दहला देने वाली खबर सामने आई। अज्ञात अपराधियों ने 30 वर्षीय अनुरोध कुमार के घर में घुसकर उसे निशाना बनाया। अपराधियों ने बेहद करीब से अनुरोध के सिर और छाती में दो गोलियां दागीं।
​गोलीबारी की आवाज सुनकर परिजन जब तक मौके पर पहुंचे, अपराधी भागने में सफल रहे। खून से लथपथ अनुरोध को तुरंत बिहटा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

​पुलिस और FSL टीम की कार्रवाई

​मामले की गंभीरता को देखते हुए दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घटनास्थल को सील कर दिया है और साक्ष्य जुटाने के लिए FSL की टीम को बुलाया गया है।
​डीएसपी अमरेंद्र कुमार झा ने पुष्टि की कि पहली घटना स्पष्ट रूप से पैसे के विवाद से जुड़ी है, जबकि दूसरी घटना में हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ जारी है।