कुंदन कुमार, पटना। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे धीरे-धीरे सामने आना शुरू हो गए हैं। अब तक के रुझानों में भाजपा प्रचंड जीत की ओर बढ़ रही है। चुनाव आयोग के आधिकारिक डेटा के मुताबिक बीजेपी ने दोपहर 3 बजे तक 191 सीटों पर बढ़त हासिल कर ली थी। इसे लेकर बिहार में भी बीजेपी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दिख रही है।

झालमूड़ी खिलाकर मनाया जश्न

राजधानी पटना में चौक चौराहे पर भाजपा के कार्यकर्ता झालमूड़ी बांटते हुए नजर आ रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटना के मौर्य लोक कॉम्प्लेक्स में लोगों के बीच झालमूड़ी बांट जश्न मनाया है। इस मौके पर भाजपा नेता कृष्ण कुमार कल्लू ने कहा कि, पश्चिम बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत हो रही है। पीएम मोदी जी ने कहा था झालमूड़ी खिलाएंगे जनता को…आज जब हमारी पार्टी पश्चिम बंगाल में चुनाव जीत रही है, तो हम लोगों को झालमूड़ी खिला रहे हैं।

चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने खाई थी झालमूड़ी

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने झारग्राम में एक स्थानीय दुकान पर जाकर झालमूड़ी (Jhalmuri) खाई थी उन्होंने विक्रम साउ नाम के एक दुकानदार से 10 रुपए की झालमूड़ी खरीदकर खाई और लोगों को खिलाई थी। इस दौरान उन्होंने बातचीत के दौरान मजाकिए लहजे में दुकानदार से कहा था कि, ‘वह प्याज खाते हैं, दिमाग नहीं खाते’। पीएम मोदी के झालमूड़ी खाने का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। जिसे लेकर सियासत भी खूब देखने को मिली थी।

…तो नहीं होता टीएमसी का यह हाल- मंगल पांडे

भाजपा नेता व पश्चिम बंगाल भाजपा प्रभारी मंगल पांडे ने कहा कि, अगर उनकी(ममता बनर्जी) सरकार ने 15 सालों में ठीक से बंगाल को चलाया होता, तो आज उनकी पार्टी की यह स्थिति नहीं होती। उन्होंने कहा कि, पश्चिम बंगाल की जनता उनके कुशासन से तंग आ चुकी थी। लोगों में भय का माहौल बना दिया था, जो रूझान आ रहे हैं, उससे साफ है कि भय से बंगाल की जनता बाहर आ गई है। चुनाव आयोग हर चीज पर नजर रखे हुए है। बंगाल में डबल इंजन की सरकार बनेगी।

ये भी पढ़ें- रहम के मूड में नहीं CM सम्राट! लालू परिवार को 15 दिनों में राबड़ी आवास खाली करने का मिला नोटिस