पटना। राजधानी के पटना सिटी इलाके से मानवता और साहस की एक ऐसी मिसाल सामने आई है, जिसने बिहार पुलिस का मान बढ़ा दिया है। मंगल तालाब में पैर फिसलने के कारण डूब रहे एक 35 वर्षीय युवक के लिए पुलिस अनुमंडल कार्यालय में तैनात एएसआई (ASI) रामजी यादव ‘देवदूत’ साबित हुए। जब किनारे पर खड़ी भीड़ केवल वीडियो बनाने में व्यस्त थी, तब इस जांबाज अधिकारी ने अपनी जान की परवाह किए बिना गहरे पानी में छलांग लगाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
तमाशबीन बनी रही भीड़, मसीहा बनी पुलिस
यह घटना मंगलवार की है, जब मंगल तालाब स्थित पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी-2 कार्यालय के समीप अफरा-तफरी मच गई। लोधी कटरा निवासी सोनू पासवान (35 वर्ष) तालाब किनारे घूम रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे गहरे पानी में जा गिरा। सोनू को तैरना नहीं आता था, जिसके कारण वह पानी में हाथ-पांव मारने लगा और धीरे-धीरे डूबने लगा। हैरानी की बात यह रही कि वहां मौजूद दर्जनों लोग केवल तमाशबीन बने रहे। कुछ लोग अपने मोबाइल से डूबते युवक का वीडियो बनाने में मशगूल थे, लेकिन किसी ने भी उसे बचाने के लिए पानी में उतरने का साहस नहीं दिखाया।
सूचना मिलते ही बिना सोचे लगा दी छलांग
इसी बीच एक स्थानीय युवक दौड़ता हुआ पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. गौरव कुमार के कार्यालय पहुंचा। वहां तैनात एएसआई रामजी यादव को जैसे ही इस अनहोनी की भनक लगी, उन्होंने एक पल की भी देरी नहीं की। वर्दी की गरिमा और अपनी जिम्मेदारी समझते हुए वह तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए गहरे पानी में कूद गए।
मशक्कत के बाद सुरक्षित बचाई गई जान
तालाब की गहराई और युवक के छटपटाने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन आसान नहीं था। काफी मशक्कत करने के बाद रामजी यादव ने डूब रहे सोनू को मजबूती से पकड़ा और उसे किनारे तक खींच लाए। युवक के बाहर आते ही वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। घटना की जानकारी तुरंत चौक थाना पुलिस को दी गई, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर युवक को प्राथमिक उपचार दिलाया।
मजदूरी करता है पीड़ित युवक
जांच में पता चला कि बचाया युवक सोनू पासवान पेशे से मजदूर है और मंगलवार को फुर्सत के पल बिताने मंगल तालाब घूमने आया था। फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य है और वह खतरे से बाहर है। एएसआई रामजी यादव के इस साहसिक कार्य की हर तरफ सराहना हो रही है। सोशल मीडिया पर इस रेस्क्यू का वीडियो वायरल होने के बाद लोग कह रहे हैं कि अगर रामजी यादव समय पर नहीं पहुंचते, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

