फुलवारीशरीफ/पटना। सिटी के मालसलामी थाना क्षेत्र में एक बेहद ही दर्दनाक मामला सामने आया है जहां एक 22 वर्षीय युवक राजा कुमार की उसके ही फुफेरे भाइयों द्वारा निर्मम हत्या कर दी गई। राजा पिछले 5 दिनों से लापता था जिसके बाद पुलिस ने सोमवार रात को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों में एक 21 वर्षीय सरवन कुमार और उसका 14 वर्षीय नाबालिग साथी शामिल है।

​बुआ के घर जाने के बहाने हुई हत्या

​पुलिस पूछताछ में पता चला कि 20 मई को राजा घर से अपनी बुआ के घर जाने की बात कहकर निकला था। राजा पहले फुफेरे भाई सरवन के घर गया जहां तीनों ने साथ बैठकर चाय पी। इसके बाद नाबालिग ई-रिक्शा चलाकर राजा को लेकर मालसलामी से करीब 15 किलोमीटर दूर दीदारगंज थाना क्षेत्र के सबलपुर ले गए। वहां सुनसान जगह पर उन्होंने सुनियोजित तरीके से राजा को एक ट्रक से टकरा दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद वे उसे सिक्स लेन स्थित विदुपुर ले गए और अधमरी हालत में फुटपाथ पर फेंक दिया जहां तड़प-तड़प कर राजा की मौत हो गई।

​साक्ष्य मिटाने की कोशिश और पुलिस की कार्रवाई

​हत्या के बाद आरोपी बहुत चालाकी से सबूत मिटाने में जुट गए। उन्होंने मर्डर में इस्तेमाल किए गए ई-रिक्शा को गंगा घाट ले जाकर पानी से अच्छी तरह धोया ताकि खून के निशान मिट जाएं। इसके अलावा खून से सने अपने कपड़े भी उन्होंने पास की मिट्टी में गाड़ दिए।
​जब राजा 23 मई तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने 24 मई को मालसलामी थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने संदेह के आधार पर दोनों भाइयों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

​लावारिस मानकर कर दिया गया था अंतिम संस्कार

​आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस वैशाली के रुस्तमपुर पहुंची। पता चला कि 20 मई को ही वहां से एक अज्ञात शव मिला था। स्थानीय पुलिस ने 72 घंटे तक शिनाख्त न होने पर नियमानुसार उसका अंतिम संस्कार कर दिया था। बाद में परिजनों को फोटो दिखाकर पहचान की पुष्टि की गई। फिलहाल मालसलामी थाना प्रभारी सुनील कुमार के अनुसार प्रेम-प्रसंग के इस मामले में अन्य संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है।