कुंदन कुमार, पटना। ​राजधानी पटना में 1799 दारोगा भर्ती की मुख्य परीक्षा (Mains Exam) रद्द किए जाने के विरोध में आज भारी उबाल देखने को मिलने वाला है। परीक्षा रद्द होने से आक्रोशित हजारों अभ्यर्थी आज विरोध प्रदर्शन के लिए सड़कों पर उतरने की तैयारी कर चुके हैं। इसे लेकर छात्र गांधी मैदान से लोक सेवक आवास तक मार्च निकालेंगे, जिसके मद्देनजर पूरे इलाके में सरगर्मी तेज हो गई है।

​गांधी मैदान से लोक सेवक आवास तक मार्च की तैयारी

​नियोजित कार्यक्रम के अनुसार, यह आक्रोश मार्च गांधी मैदान के गेट नंबर 10 से शुरू होगा। परीक्षा रद्द होने से नाराज अभ्यर्थी हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सरकार और आयोग के फैसले का विरोध जताने के लिए इकट्ठा हो रहे हैं। उम्मीदवारों का कहना है कि महीनों की कड़ी मेहनत के बाद परीक्षा रद्द होने से उनका भविष्य अधर में लटक गया है, जिसके खिलाफ वे अपनी आवाज बुलंद करेंगे।

​छात्रों को रोकने के लिए प्रशासन सख्त

​अभ्यर्थियों के संभावित प्रदर्शन और उग्र रूप को देखते हुए पटना पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। जेपी गोलंबर, गांधी मैदान और डाकबंगला चौराहा जैसे प्रमुख रास्तों पर पुलिस ने भारी मात्रा में बैरिकेडिंग करनी शुरू कर दी है। हालांकि अभी छात्र प्रदर्शन स्थल पर पूरी तरह से नहीं उतरे हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस ने रास्तों को घेरना और सुरक्षा घेरा मजबूत करना शुरू कर दिया है ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में बनी रहे।