पटना। बिहार में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर लागू आदर्श आचार संहिता के दौरान पटना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमवार रात वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक ओला कैब से 2.80 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। यह कार्रवाई श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र के शिवपुरी चेक पोस्ट के पास की गई।
संदिग्ध स्थिति में पकड़ी गई कार
पुलिस के अनुसार चुनाव के मद्देनजर इलाके में सघन वाहन जांच चल रही थी। इसी क्रम में एक संदिग्ध ओला गाड़ी को रुकवाकर जब तलाशी ली गई तो उसके अंदर एक बैग मिला जिसमें भारी मात्रा में नकदी रखी थी। गाड़ी में सवार एक युवक को हिरासत में लेकर जब पुलिस ने पूछताछ की तो वह बरामद राशि के संबंध में कोई ठोस या संतोषजनक साक्ष्य नहीं दे सका।
प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई
मौके की नजाकत को देखते हुए तत्काल पाटलिपुत्र के अंचलाधिकारी (CO) अनुज कुमार को सूचित किया गया। उनकी मौजूदगी में पूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए कैश को जब्त कर लिया गया। जब्त राशि को आगे की कार्रवाई के लिए श्रीकृष्णापुरी थाने के सुपुर्द कर दिया गया है।
क्या है मामला?
पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान छत्तीसगढ़ निवासी दिनेश वर्मा (26) के रूप में दी। उसने बताया कि वह वर्तमान में दानापुर के आदमपुर स्थित संचार नगर में ठहरा हुआ है। युवक का दावा था कि वह पटना में एक रेंट एग्रीमेंट (किरायानामा) के लिए ये रुपये लेकर आया था। हालांकि जब पुलिस ने उस व्यक्ति को बुलाया जिससे एग्रीमेंट होना था तो वह मौके पर नहीं पहुंचा। संतोषजनक जवाब और साक्ष्य के अभाव में पुलिस ने चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत राशि को जब्त कर लिया।
पुलिस प्रशासन की पैनी नजर
पटना सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी ने इस बरामदगी की पुष्टि करते हुए कहा कि आचार संहिता के उल्लंघन और अवैध धन के प्रवाह को रोकने के लिए पूरे शहर में चेकिंग तेज कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बरामद नकदी के स्रोतों की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस रुपये का उपचुनाव से कोई संबंध है या नहीं। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

