पटना। शहर के राजीव नगर थाना क्षेत्र के घुड़दौड़ इलाके में पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का खुलासा किया है। यह अवैध धंधा एक 4 मंजिला (G+4) गणपति गेस्ट हाउस में संचालित हो रहा था, जहां हर फ्लोर पर देह व्यापार का काला कारोबार चल रहा था। पुख्ता सूचना के आधार पर पटना पुलिस और एसएसपी सेल की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) ने संयुक्त रूप से इस गेस्ट हाउस पर औचक छापेमारी की।
दो IPS अधिकारियों के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
कार्रवाई की गंभीरता को देखते हुए दो आईपीएस रैंक के अधिकारियों ने खुद मौके पर पहुंचकर गेस्ट हाउस के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। इस दौरान पुलिस ने गेस्ट हाउस के अलग-अलग कमरों से 4 युवतियों और 1 युवक को आपत्तिजनक स्थिति में रंगे हाथ दबोच लिया। मौके से कंडोम और अन्य आपत्तिजनक सामग्रियां भी बरामद की गई हैं। पकड़े गए सभी आरोपियों को राजीव नगर थाने लाया गया है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
मौके से फरार हुए गेस्ट हाउस के कर्मी और मालिक
पुलिस की अचानक हुई इस दबिश के दौरान गेस्ट हाउस का मालिक, कई कर्मचारी और कुछ अन्य संदिग्ध युवक पीछे के दरवाजे से भागने में सफल रहे। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश बना रही है। एस डी पी ओ-2 लॉ एंड ऑर्डर सुषमा सागर ने बताया कि इस गेस्ट हाउस में पिछले करीब 6 महीनों से संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही थीं।
छह महीने से मिल रही थीं शिकायतें
स्थानीय लोगों और खुफिया स्रोतों से मिल रही लगातार शिकायतों के बाद, एसआईयू की टीम पिछले दो महीनों से इस गेस्ट हाउस पर नजर बनाए हुए थी और इसे रंगे हाथों पकड़ने की फिराक में थी। आखिरकार शनिवार को पुलिस को सटीक सूचना मिली कि गेस्ट हाउस के कमरों में युवक और युवतियां मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राउंड फ्लोर से लेकर चौथे फ्लोर तक एक-एक कमरे की सघन तलाशी ली, जिसमें यह पूरा अवैध रैकेट बेनकाब हो गया। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुती है कि इस नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और इसमें कौन-कौन लोग संलिप्त हैं।



