बिहार की राजधानी पटना में पुलिस और आयकर विभाग ने एक बड़े हवाला रैकेट का पर्दाफाश किया है। बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक इनोवा क्रिस्टा कार से 30 लाख रुपए नगद बरामद किए हैं। इस मामले में गुजरात के तीन कारोबारियों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।
गुजरात से कोलकाता और फिर पटना तक का सफर
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि ये तीनों कारोबारी गुजरात से लगभग तीन करोड़ रुपए नकद लेकर पहले कोलकाता पहुंचे थे। कोलकाता में एक व्यक्ति को बड़ी रकम की डिलीवरी देने के बाद, वे सड़क मार्ग (बाय रोड) से पटना पहुंचे। पटना में उन्हें 30 लाख रुपए की यह खेप किसी अन्य व्यक्ति तक पहुंचानी थी।
अपार्टमेंट में छापेमारी और 3000 करोड़ का बड़ा नेटवर्क
कारोबारियों की निशानदेही पर पुलिस ने बलभद्र आरण्य अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 101 में भी तलाशी ली। शुरुआती जांच में इस मामले के तार करीब 3,000 करोड़ रुपए के विशाल हवाला नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
आयकर विभाग की एंट्री और आगे की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने तुरंत इनकम टैक्स (IT) विभाग को इसकी सूचना दी। आयकर विभाग की टीमें सक्रिय हो गई हैं और पटना के कई अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। एजेंसियां अब इस पैसे के मुख्य स्रोत और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों की तलाश में जुटी हैं।



