Patna High Court Justice: पटना हाईकोर्ट को जल्द ही नया चीफ जस्टिस मिलने जा रहा है। केंद्र सरकार ने दिल्ली हाईकोर्ट के जस्टिस वी. कामेश्वर राव को पटना हाईकोर्ट का नया चीफ जस्टिस नियुक्त करने की अधिसूचना जारी कर दी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। पदभार संभालने के साथ ही उनका कार्यकाल शुरू हो जाएगा।
जस्टिस वी. कामेश्वर राव पटना हाईकोर्ट के 49वें नियमित चीफ जस्टिस के तौर पर जिम्मेदारी संभालेंगे। फिलहाल जस्टिस सुधीर सिंह पटना हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में काम कर रहे हैं। नए चीफ जस्टिस के शपथ ग्रहण की तारीख जल्द तय होने की उम्मीद है। बता दें कि पटना के अलावा 8 हाईकोर्ट को नया चीफ जस्टिस मिला है।
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने की थी सिफारिश
जस्टिस वी. कामेश्वर राव के नाम की सिफारिश सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने पटना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस पद के लिए की थी। कॉलेजियम ने 6 अगस्त 2026 को हुई बैठक में उनके नाम को मंजूरी देते हुए केंद्र सरकार को अनुशंसा भेजी थी। इसके बाद अब केंद्र सरकार की ओर से नियुक्ति की अधिसूचना जारी कर दी गई है। पटना हाईकोर्ट की पूर्व चीफ जस्टिस मीनाक्षी मदन राय 11 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त हुई थीं। उनके रिटायर होने के बाद जस्टिस सुधीर सिंह कार्यवाहक चीफ जस्टिस की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
जानिए जस्टिस वी. कामेश्वर राव का न्यायिक सफर
जस्टिस वी. कामेश्वर राव का जन्म 7 अगस्त 1965 को हुआ था। उन्होंने 1987 में दिल्ली विश्वविद्यालय से भूगोल में स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद 1990 में दिल्ली विश्वविद्यालय से एलएलबी की डिग्री हासिल की। मार्च 1991 में उन्होंने दिल्ली बार काउंसिल में अपना पंजीकरण कराया। इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली हाईकोर्ट और केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (CAT) समेत कई अदालतों में करीब दो दशक तक वकालत की। वर्ष 2010 में उन्हें सीनियर एडवोकेट बनाया गया। वकालत के दौरान उन्हें सेवा मामलों, श्रम कानून, संवैधानिक और प्रशासनिक मामलों के साथ-साथ मध्यस्थता से जुड़े मामलों में भी अच्छा अनुभव रहा।
दिल्ली हाईकोर्ट में जज के तौर पर नियुक्ति
17 अप्रैल 2013 को जस्टिस वी. कामेश्वर राव को दिल्ली हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। इसके करीब दो साल बाद 18 मार्च 2015 को उन्हें दिल्ली हाईकोर्ट का स्थायी न्यायाधीश बनाया गया। वर्ष 2024 में उनका तबादला कर्नाटक हाईकोर्ट कर दिया गया। मई 2025 में उन्होंने वहां कार्यवाहक चीफ जस्टिस के तौर पर भी जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद जुलाई 2025 में वह दोबारा दिल्ली हाईकोर्ट लौटे।
वहीं, अब उन्हें पटना हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस की जिम्मेदारी दी गई है। उनके पदभार संभालने के बाद पटना हाईकोर्ट में नियमित मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति से जुड़ी प्रक्रिया भी पूरी हो जाएगी।
ये भी पढ़ें- बिहार में बड़ा रेल हादसा! महानंदा एक्सप्रेस की 2 बोगियां पटरी से उतरीं, यात्रियों में मचा हड़कंप



