पटना के व्यस्त और रिहायशी इलाके बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के किदवई पुरी स्थित सुखिया महल अपार्टमेंट में बुधवार शाम करीब 7:35 बजे एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम दिया गया। वार्ड 24 की वर्तमान पार्षद ज्ञानवती देवी के पति और जनसुराज पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता अनिल कुमार यादव अपने अपार्टमेंट के बेसमेंट स्थित कार्यालय में समर्थकों के साथ बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बेखौफ बदमाशों ने वहां घुसकर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी।
बदमाशों का दुस्साहस और सीसीटीवी फुटेज
अपराधियों ने इस घटना को बेहद दुस्साहसिक तरीके से अंजाम दिया। मौके पर करीब 14 राउंड गोलियां चलाई गईं, और पुलिस को घटनास्थल से 8 खाली खोखे भी बरामद हुए हैं। सामने आए सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, वारदात में तीन बदमाश शामिल थे जो एक ही बाइक पर सवार होकर आए थे। इनमें से दो शूटरों ने अंदर घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जबकि तीसरा शूटर बाहर पहरा देता रहा। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश खुलेआम हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में इलाज और नेताओं का पहुंचना
हमले में अनिल कुमार यादव को कुल 5 गोलियां लगी हैं दो हाथ में, दो पैर में और एक कमर में। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पहले उद्यान अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए मेदांता अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव का माहौल है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उनका ढांढस बंधाया।

परिवार से मिलने पहुंचे तेजस्वी यादव
राजनीतिक प्रतिक्रिया और संभावित कारण
हालांकि हमले के पीछे की मुख्य वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन शुरुआती जांच में जमीन विवाद और आपसी वर्चस्व की बात सामने आ रही है। इस घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सत्ता संरक्षित अपराधियों ने घर में घुसकर गोलियों की बौछार की है और बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान और धर-पकड़ में जुटी है।


