कुंदन कुमार/पटना। राजधानी पटना स्थित मशहूर ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ (KGS) कोचिंग संस्थान से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। हालिया कोचिंग विवाद और इससे जुड़े कदमकुआं थाना कांड संख्या में पुलिस ने कोचिंग के तीन प्रमुख स्टाफ सदस्यों कन्हैया सिंह, अजीत कुमार और अंकित कुमार पाण्डेय के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उनके कार्यालय पर नोटिस चस्पा कर दिया है।

​क्या है पूरा मामला?

​यह मामला कन्हैया सिंह द्वारा दर्ज कराई गई एक प्राथमिकी (FIR) से जुड़ा है, जिसमें रोशन आनंद और प्रिंस यादव को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। जांच के दौरान, प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसने इस केस को और अधिक जटिल बना दिया है। पुलिस इस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए लगातार जांच कर रही है।

​पुलिस की सख्त चेतावनी

​नोटिस में पुलिस ने स्पष्ट रूप से कहा है कि संबंधित स्टाफ पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहे हैं। प्रशासन के अनुसार उन्हें कई माध्यमों से पूछताछ के लिए बार-बार बुलाया गया था लेकिन वे अब तक हाजिर नहीं हुए हैं। पुलिस ने इन तीनों को आज (14 जून 2026) शाम 4:00 बजे तक पूछताछ में शामिल होने का अंतिम समय दिया है। यदि वे तय समय सीमा के भीतर उपस्थित नहीं होते हैं तो पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र होगी।

​कोचिंग की बढ़ाई गई सुरक्षा

​इस घटनाक्रम के बाद से खान ग्लोबल स्टडीज परिसर के बाहर माहौल तनावपूर्ण हो गया है। किसी भी संभावित विरोध या अप्रिय स्थिति को देखते हुए कोचिंग संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है। फिलहाल पुलिस और कोचिंग प्रशासन की ओर से इस मामले पर विस्तृत प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा है।
​यह पूरा प्रकरण अब कानूनी मोड़ ले चुका है और शाम 4:00 बजे का समय काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। क्या कोचिंग स्टाफ पुलिस के सामने पेश होगा या यह कानूनी विवाद और गहराएगा यह देखने वाली बात होगी।