कुंदन कुमार/पटना। राजधानी के व्यस्ततम इनकम टैक्स गोलंबर पर आज लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के महिला प्रकोष्ठ ने विपक्ष के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन केंद्र सरकार द्वारा लाए गए ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ (महिला आरक्षण बिल) के प्रति विपक्षी दलों के कथित अड़ियल और नकारात्मक रुख के विरोध में आयोजित किया गया था।
नारी वंदन अधिनियम पर गरमाई राजनीति
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को उनका हक देने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए जा रहे हैं, वहीं विपक्षी दल इस बिल की राह में रोड़े अटका रहे हैं। लोजपा (रा) के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष कभी भी महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति गंभीर नहीं रहा है।
पुतला दहन और नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान पार्टी की महिला नेताओं ने राहुल गांधी और प्रमुख विपक्षी नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विरोध की पराकाष्ठा तब दिखी जब कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला दहन किया। इनकम टैक्स गोलंबर पर घंटों तक चले इस हंगामे के कारण यातायात भी प्रभावित रहा। पार्टी की महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, विपक्ष की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। वे सदन में महिला अधिकारों की बात करते हैं लेकिन जब कानून बनाने की बारी आती है, तो विरोध करने लगते हैं।
चिराग पासवान के नेतृत्व में एकजुटता
पार्टी प्रमुख चिराग पासवान के निर्देशों पर आयोजित इस प्रदर्शन ने यह साफ कर दिया है कि लोजपा (रा) आगामी चुनावों में महिला आरक्षण के मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे गांव-गांव जाकर विपक्ष के इस महिला विरोधी चेहरे को बेनकाब करेंगे।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

