जमुई। बिहार में भीषण गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। राज्य के कई जिलों में पारा 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है। गर्मी का सबसे दर्दनाक असर जमुई में देखने को मिला, जहां मलयपुर स्थित कन्या मध्य विद्यालय में पढ़ाई के दौरान तीन छात्राएं बेहोश होकर गिर गईं। स्कूल में अफरा-तफरी मचने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जमुई में वर्तमान तापमान 39°C दर्ज किया गया है।
पारा 41 डिग्री के पार, पटना भी झुलसा
शनिवार को गयाजी, कैमूर और सासाराम राज्य के सबसे गर्म इलाके रहे, जहां तापमान 41°C तक पहुंच गया। राजधानी पटना भी इससे अछूती नहीं है, वहां पारा 40°C पर बना हुआ है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे स्थिति और गंभीर होने की आशंका है।
लू की चेतावनी और सावधानी
मौसम विभाग ने 19 से 22 अप्रैल के बीच कैमूर, औरंगाबाद, गया, रोहतास और बक्सर में ‘हीट वेव’ का अलर्ट जारी किया है। 21 अप्रैल के बाद स्थिति और विकराल हो सकती है। विभाग ने लोगों से दोपहर 12 से 3 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने की अपील की है, क्योंकि इस दौरान झुलसाने वाली गर्म हवाएं चल सकती हैं।
कहीं बारिश तो कहीं शुष्क मौसम
जहां दक्षिण और मध्य बिहार भीषण गर्मी और लू की चपेट में है, वहीं अररिया, सुपौल और किशनगंज जैसे उत्तर-पूर्वी जिलों में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश से थोड़ी राहत मिली है। हालांकि, शेष बिहार में मौसम शुष्क रहेगा और तेज धूप के कारण गर्मी का सितम जारी रहेगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

